
- 6 स्टेशन के लिए प्रस्ताव पास हुआ था-टेंडर भी हुए थे
उज्जैन। नगर निगम ने इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के खरीदारों की सुविधा के लिए शहर भर में कम से कम 6 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का फैसला किया था लेकिन यह योजना अब तक कागजों से बाहर ही नहीं निकल पाई है।
गौरतलब है कि शहर की सड़कों पर अब हजारों की संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन दिखाई दे रहे हैं, लेकिन एक भी चार्जिंग स्टेशन ना होने की वजह से चालक थोड़ा चिंतित भी हैं, वहीं इलेक्ट्रिक वाहनों के एक डीलर आरिफ खान का कहना है, हालाकि इलेक्ट्रिक वाहन अब पूरे चार्ज पर 70 किमी से 150 किमी की रेंज प्रदान करते हैं, लेकिन लोग अभी भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अगर चार्ज कम हो जाता है तो क्या होगा। इस परेशानी को दूर करने के लिए, पूरे शहर में कम से कम 5 चार्जिंग पॉइंट की जरूरत है। तभी ईवी ज्यादा से ज्यादा लोग अपनाएँगे। बता दें कि वर्तमान में, शहर में एक भी चार्जिंग स्टेशन नहीं हैं। इलेक्ट्रानिक वाहन लोगों की सहुलियत के लिए नगर निगम परिषद में दो साल पहले शहर में 6 चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए प्रस्ताव पास हुआ था। प्रस्ताव पास होने के बाद भी नगर निगम एक भी स्टेशन अब तक नहीं स्थापित कर पाया है। योजना से जुड़े अधिकारियों की माने तो इसको लेकर नगर निगम द्वारा टेंडर भी निकाला गया था। कुछ एजेंसी द्वारा इसमें हिस्सा भी लिया गया बावजूद योजना अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई है।