
नई दिल्ली। अमेरिका (America) की जांच एजेंसी FBI ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi gang) और उससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क (International criminal network) के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। FBI और उसकी सहयोगी एजेंसियों ने 7 जुलाई को अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई स्थानों पर एक साथ ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में कम से कम 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित सामान, हथियार और ड्रग्स बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत हुई कार्रवाई
FBI ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ चलाए गए इस अंतरराष्ट्रीय अभियान को ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ नाम दिया है। FBI एजेंटों के नेतृत्व में अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई और ड्रग्स की बरामदगी भी हुई है।
गोल्डी बरार और जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क पर भी कार्रवाई
FBI की इस कार्रवाई का निशाना केवल लॉरेंस बिश्नोई गैंग ही नहीं, बल्कि उसके सहयोगियों गोल्डी बरार और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क भी रहे। जांच एजेंसियों के अनुसार, गैंग के कई वांटेड सदस्य अमेरिका, कनाडा और यूरोप में अवैध रूप से रहकर भारत से जुड़े अपराधों को संचालित कर रहे हैं। इन पर आरोप है कि वे भारत में आपराधिक गतिविधियों के साथ-साथ विदेशों में रह रहे भारतीयों को भी निशाना बनाकर रंगदारी वसूलने जैसे अपराधों में शामिल रहे हैं।
कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को घोषित किया था आतंकी संगठन
गौरतलब है कि कनाडा सरकार ने पिछले साल लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया था। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई भी लंबे समय तक अमेरिका में छिपा रहा था। आरोप है कि अमेरिका में रहते हुए ही उसने मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और सलमान खान के घर पर फायरिंग की साजिश को अंजाम दिलवाया। बाद में अनमोल बिश्नोई को भारत डिपोर्ट किया गया।
भारत की एजेंसियां भी दे चुकी हैं नेटवर्क फैलने के संकेत
भारतीय जांच एजेंसियां समय-समय पर इस बात की जानकारी देती रही हैं कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और यूरोप तक फैला हुआ है। भारत से फरार होकर गैंग के कई सदस्य इन देशों में ठिकाने बनाकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। FBI का ऑपरेशन हार्ड बॉल अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से जुड़े और खुलासे सामने आने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved