भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

फीस माफ, फिर भी महिलाओं में Learning Driving License को लेकर चाहत कम

  • 14 माह में 82 हजार 307 महिलाओं ने ही बनवाए लर्निंग लाइसेंस

भोपाल। प्रदेश में पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ड्राइविंग लाइसेंस की चाहत काफी कम है। पिछले 14 माह में 4 लाख 20 हजार पुरुषों ने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस हासिल किए हैं, तो 82 हजार 307 महिलाओं ने लर्निंग लाइसेंस लिए हैं। यह स्थिति तब है, जब विभाग ने महिलाओं के लिए ड्राइविंग लाइसेंस को फ्री कर दिया है। महिलाओं से फीस नहीं ली जाती है। अब लर्निंग लाइसेंस के लिए कार्यालय भी जाने की जरूरत नहीं है। घर बैठे इस लाइसेंस को हासिल कर सकते हैं। परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय सूचना केंद्र (एनआइसी) की सेवाओं को स्वीकार कर लिया है। सारथी पोर्टल पर ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। आधार से आवेदन कर घर बैठे लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। नियमित ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट देने जाना पड़ता है। लर्निंग लाइसेंस आनलाइन होने के बाद 31 मार्च 2021 से 6 जून 2022 के बीच 5 लाख 2 हजार 394 लाइसेंस जारी हुए हैं। इसमें महिलाओं की संख्या कम है।


इंदौर की महिलाओं में चाहत अधिक, ग्वालियर में कम
प्रदेश के चार महानगरों में इंदौर की महिलाओं में लाइसेंस की चाहत अधिक है। पुरुषों की तुलना में 40 फीसद तक महिलाएं लाइसेंस बनवा रही हैं, जबकि ग्वालियर में संख्या कम है। महिलाओं के लाइसेंस के मामले में ग्वालियर चौथे नंबर पर है। दूसरे नंबर पर भोपाल व तीसरे पर जबलपुर हैं। महिलाएं दोपहिया वाहन के ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन अधिक करती हैं। लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में पास होने के बाद नियमित लाइसेंस के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करना पड़ती है।

34 हजार नहीं कर पाए टेस्ट पास
लर्निंग लाइसेंस के लिए आनलाइन टेस्ट देना पड़ता है। 20 में 12 प्रश्नों के उत्तर सही देने होते हैं। उसके बाद लर्निंग लाइसेंस जनरेट होता है। प्रदेश में 14 माह में 34 हजार 83 लोग टेस्ट पास नहीं कर पाए। ये लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में फेल हो गए। टेस्ट के दौरान यातायात से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं। 14 माह में लाइसेंस से विभाग को 50 करोड़ रुपये की आय हुई है। यह आय हर तरह के लाइसेंस में जमा होने वाली फीस से है।

Share:

Next Post

दिल्ली से तय होंगे भाजपा महापौर के टिकट

Mon Jun 13 , 2022
24 घंटे की बैठकों में एक भी नाम घोषित नहीं कर पाई भाजपा भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश चुनाव समिति और कोर कमेटी की 24 घंटे तक अलग-अलग बैठकों के बाद 16 नगर निगमों में से एक भी टिकट घोषित नहीं कर पाई है। नेताओं के बीच असहमति और खींतचान के चलते अब भोपाल, इंदौर, […]