उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

सिंहस्थ के 550 से ज्यादा अतिक्रमणों की फाइल फिर खुलेगी

  • जीवनखेड़ी और सांवराखेड़ी क्षेत्र की सिंहस्थ के उपयोग की जमीन का दौरा करेंगे अखाड़ा परिषद अध्यक्ष

उज्जैन। सिंहस्थ 2016 के 2 साल बाद 2018 तक मेला क्षेत्र में तेजी से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हो गए थे। जिला प्रशासन ने इनका सर्वे कराकर रजिस्ट्रार कार्यालय से सिंहस्थ क्षेत्र में हुई रजिस्ट्रियों की जानकारी भी मंगा ली गई थी लेकिन उसके बाद कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई। आज शाम अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष उज्जैन पहुँचेंगे और सिंहस्थ के अतिक्रमणों को लेकर कलेक्टर और अन्य अधिकारियों से चर्चा करेंगे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविन्द्रपुरी महाराज ने आज सुबह अग्रिबाण से चर्चा में कहा कि आज शाम तक वे उज्जैन पहुँचेंगे। कल सुबह वे चौबीस खंबा देवी माता मंदिर पर नगर पूजा करेंगे। इसके अगले दिन रविवार को वे सिंहस्थ मेला क्षेत्र के लिए आरक्षित जमीन पर हुए अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों पर साल 2018 के बाद से रूकी कार्रवाई को लेकर प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा करेंगे।


उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2016 निपटने के बाद साल 2018 में तत्कालिन कलेक्टर मनीष सिंह से मिलकर अखाड़ा परिषद ने मेला क्षेत्र में हुए नए अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर मनीष सिंह ने मेला क्षेत्र में साल 2018 तक हुए अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों का राजस्व विभाग की टीम से सर्वे कराया था। इसमें 550 से अधिक अवैध निर्माण और अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। यह सभी सिंहस्थ मेला क्षेत्र की जमीन पर 2 साल में हो गए थे। उन्होंने रजिस्ट्रार विभाग से भी साल 2016 से 2018 के बीच सिंहस्थ मेला क्षेत्र की जमीनों की रजिस्ट्रियों की डिटेल मांगी थी। रजिस्ट्रार विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी जिला प्रशासन को दे दी थी। इसके बाद उन्होंने मंगलनाथ क्षेत्र से इन अतिक्रमणों को हटाने की शुरुआत भी कर दी। परंतु उनके उज्जैन से तबादले के बाद यह कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई थी। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई को शुरु किए जाने को लेकर अधिकारियों से बात की जाएगी और अतिक्रमण हटवाए जाएँगे।

नए मास्टर प्लान क्षेत्र का दौरा भी करेंगे
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने बताया कि कुछ माह पहले उज्जैन के नए मास्टर प्लान 2035 के अंतर्गत जीवनखेड़ी और सांवराखेड़ी क्षेत्र की जमीनों को सिंहस्थ क्षेत्र से मुक्त कर इन्हें आवासीय और व्यवसाय उपयोग की भूमि में तब्दील किए जाने का प्रस्ताव दिया गया है। जबकि उक्त भूमि पर सिंहस्थ आयोजन के दौरान सेटेलाईट टाउन और पार्किंग आदि के लिए उपयोग होता रहा है। इसे लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की जाएगी और चर्चा से पहले जीवनखेड़ी, सांवराखेड़ी सिंहस्थ क्षेत्र का दौरा भी किया जाएगा।

Share:

Next Post

तीन मंजिला मेडिकल वार्ड बनेगा जिला चिकित्सालय में, 100 बिस्तर होंगे

Fri Apr 8 , 2022
उज्जैन। जिला अस्पताल परिसर में तीन मंजिला 100 बिस्तरों वाला मेडिकल वार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए अस्पताल परिसर स्थित क्वाटरों में रहने वाले कर्मचारियों को 15 दिन में मकान खाली करने होंगे। अगर इसके लिए उनके द्वारा समय बढ़ाने की माँग की जाएगी तो इस पर भी विचार किया जाएगा। उल्लेखनीय है जिला अस्पताल परिसर […]