क्राइम देश

हैवानियत : चार युवकों ने दो नाबालिग बहनों से किया सामूहिक दुष्कर्म, कीटनाशक पिलाकर ली जान

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत के एक गांव में दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उन्हें कीटनाशक पिला दिया गया। जिससे उनकी दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपियों ने लड़की की मां को उसके बेटों को मारने की धमकी देकर चुप करा दिया और सर्पदंश से मौत होने की जानकारी पुलिस को देने को कहा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म व कीटनाशक के प्रभाव में मौत का पता लगने पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।मूलरूप से बिहार का रहने वाला एक परिवार कुंडली थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये पर रहता था। परिवार में दंपती व उनके दो बेटे व दो बेटियां थीं। उसी परिसर में अलग कमरे में बिहार के चार अन्य युवक भी रहते थे। 

युवकों ने 5 अगस्त की रात को 16 व 14 साल की दो बहनों को अपने कमरे में ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें कीटनाशक पिला दिया। बाद में लड़कियों को उनके कमरे में छोड़ दिया। साथ ही उनकी मां को धमकी दी कि किसी को बताया तो उसके बेटों को मार देंगे। जब बेटियों की हालत बिगड़ने लगी तो महिला उन्हें लेकर दिल्ली के अस्पताल पहुंची। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


महिला ने बेटियों की मौत का कारण सर्पदंश बताया था। जिस पर दिल्ली में पुलिस ने सात अगस्त को पोस्टमार्टम करा दिया था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म व कीटनाशक पिलाने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने लड़कियों की मां से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी।

महिला ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले चार युवकों ने बेटियों के साथ गलत किया है। रात को आरोपियों ने बेटों को भी मारने की धमकी दी थी। बाद में बेटियों की हालत बिगड़ने व आसपास के लोगों के आने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। इस पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, हत्या व जहर पिलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दो लड़कियों की मौत के बाद उनकी मां ने सर्पदंश से मौत होने की बात कही थी। पुलिस ने सजगता बरते हुए पोस्टमार्टम कराया था। जिसमें मामले का खुलासा हो गया। महिला को डराकर चुप कराने की बात सामने आई है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  – रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।

Share:

Next Post

सुनी सुनाई : मंगलवार 10 अगस्त 2021

Tue Aug 10 , 2021
39 करोड़ रिश्वत में बांटे! इस सप्ताह आयकर विभाग के सूत्रों से दो बड़ी खबरें आ रही हैं। मप्र की कमलनाथ सरकार ने जाते-जाते एक दलाल के जरिए एक ठेकेदार को 100 करोड़ से अधिक का संदिग्ध भुगतान करा दिया। संयोग से कुछ दिन बाद इस ठेकेदार के यहां आयकर का छापा पड़ गया। ठेकेदार […]