
डेस्क: तेलंगाना में गिग वर्कर्स यानी ऑनलाइन माध्यम से काम करने वाले डिलीवरी एजेंट और दूसरे कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना शुरू की गई है. शनिवार (14 नवंबर) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस योजना की शुरुआत की. कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी उप मुख्यमंत्री भट्टी मल्लू सहित सरकार के अन्य मंत्री मौजूद थे.
इस दौरान राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, ‘तेलंगाना सरकार आपको 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने जा रही है. सबसे अहम बात यह है कि हर डिलीवरी के लिए होने वाले हर ट्रांजैक्शन का 1% हिस्सा सीधे आपके बैंक अकाउंट में आएगा. तेलंगाना के हर शहर में कंपनियों को आपको यह रकम देनी होगी. यह पैसा पहले गिग वर्कर्स बोर्ड के पास जाएगा और फिर वहां से सीधे गिग वर्कर्स के बैंक अकाउंट में पहुंच जाएगा’.
राहुल गांधी ने कहा, ’21वीं सदी डेटा की सदी है. पूरे देश में डेटा की चर्चा हो रही है, डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं. गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप, उबर – ये सभी डेटा के दम पर चलते हैं. लेकिन भारत में अब तक गिग वर्कर्स को अपना ही डेटा नहीं मिल रहा था. गिग वर्कर्स अपना डेटा खुद नहीं देख पाते थे. यह कानून आपको आपके अपने डेटा पर अधिकार देने जा रहा है. तेलंगाना सरकार आपको यह गारंटी दे रही है कि आप जो काम करते हैं, जितनी राइड पूरी करते हैं, और उन राइड के लिए आपको जो पैसे मिलते हैं – यह सब जानकारी आपके मोबाइल फोन पर उपलब्ध होगी’.
गिग वर्कर्स को होने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे लंबी दूरी तय करते हैं और तेज धूप में सामान पहुंचाते हैं, लेकिन उनके पास आराम करने के लिए कोई तय जगह नहीं होती. प्रस्तावित रेस्ट ज़ोन में वे अपने वाहन पार्क कर सकेंगे, बैठ सकेंगे, आराम कर सकेंगे या सो सकेंगे.
उन्होंने कहा, ‘आप तेलंगाना के शहरों में तेज धूप में घूमते हैं और सामान पहुंचाते हैं, लेकिन आपके पास आराम करने के लिए कोई खास जगह नहीं है. इसलिए, तेलंगाना सरकार ऐसे ‘रेस्ट ज़ोन’ (आराम करने की जगह) बनाने जा रही है, जहां वाई-फाई की सुविधा होगी. यहां आप अपना वाहन पार्क कर सकते हैं, आराम कर सकते हैं, बैठ सकते हैं या सो सकते हैं. यह सुविधा हैदराबाद और राज्य के सभी शहरों में उपलब्ध होगी’.
तेलंगाना में गिग वर्कर्स के साथ हुई अपनी बातचीत को याद करते हुए, राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने पहले ही उन्हें अपनी परेशानियों और चिंताओं के बारे में बताया था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अन्य नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कदम उठाए जाएंगे और उन्हें जरूरी मदद और सुरक्षा दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि इस स्कीम की शुरुआत, वर्कर्स के साथ हुई पिछली बातचीत में दिए गए वादे को पूरा करने जैसा है. उन्होंने कहा, ‘मेरी तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ एक बैठक हुई थी. आपने मेरे साथ अपना दुख और दर्द साझा किया था. उस समय, मैंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी, हमारे मुख्यमंत्री और हम सभी ने आपसे वादा किया था कि हम आपकी मांगों पर कदम उठाएंगे और आपकी मदद करने और आपको सुरक्षा देने की पूरी कोशिश करेंगे. आज, हम उसी वादे को पूरा कर रहे हैं’.
इससे पहले दिन में, राहुल गांधी ने हैदराबाद में गिग वर्कर्स द्वारा आयोजित एक बाइक रैली में हिस्सा लिया. वे एक वर्कर द्वारा चलाई जा रही स्कूटर पर पीछे बैठे थे. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस रैली में शामिल हुए.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved