
जबलपुर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल गंजीपुरा की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार बनी हुई है। क्षेत्र में कुछ दिन पहले पॉवर ब्लॉक लगाए गए, लेकिन सड़क की वास्तविक स्थिति आज भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और रास्तों पर लगातार पानी बहने से हालात और खराब होते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक सड़क की खराब स्थिति का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। असमतल और टूटे हिस्सों के कारण कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं। बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
व्यापारी अध्यक्ष बोले, कई बार कर चुके शिकायत
जब इस संबंध में स्थानीय व्यापारी अध्यक्ष से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्या को लेकर कई बार स्थानीय पार्षद को अवगत कराया जा चुका है। उनका कहना है कि सड़क और जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है और लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है।व्यापारी अध्यक्ष के अनुसार पार्षद की ओर से जवाब दिया गया कि यह कार्य महापौर और विधायक के स्तर का है। इसके बाद क्षेत्र में जिम्मेदारी तय होने के बजाय समस्या जस की तस बनी हुई है।
सड़क खराब थी तो पॉवर ब्लॉक क्यों लगाए गए?
स्थानीय लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि यदि सड़क पहले से खराब थी तो प्राथमिकता सड़क निर्माण को क्यों नहीं दी गई? लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले पॉवर ब्लॉक लगाने का काम हुआ, लेकिन सड़क की मूल समस्या को नजरअंदाज कर दिया गया।क्षेत्रवासियों का कहना है कि सौंदर्यीकरण कार्यों से पहले सड़क की मजबूती और जल निकासी पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
पानी बहने से और बिगड़ रही हालत
स्थानीय लोगों के अनुसार पानी बहने से सड़क की सतह कमजोर हो रही है। यदि समय रहते मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।अब लोगों का सवाल आखिर जिम्मेदारी किसकी है? सड़क बनाने की या जिम्मेदारी आगे बढ़ाने की?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved