भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

एक मौका दीजिए, बिजली-इलाज और स्कूल सब मुफ्त कर दूंगा

  • मप्र में आप का चुनावी शंखनाद, केजरीवाल बोले

भोपाल। आम आदमी पार्टी ने आप यानी मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। भेल दशहरा मैदान पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले कार्यकर्ताओं से कहा कि आई लव यू टू। इसके बाद केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में सरकार बेची और खरीदी जाती हैं। यहां विधायक की खरीदी-बिक्री पर डिस्कांउट भी मिलता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-पंजाब में हमारी सरकार ने बिजली, इलाज और स्कूल में शिक्षा मुफ्त कर दी है। मध्यप्रदेश में भी एक मौका दीजिए, यहां भी सब मुफ्त कर देंगे। युवाओं को नौकरी भी देंगे।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जनता ने भाजपा को बहुत मौका दिया। काम करने के लिए 20 साल बहुत होते हैं। अब एक मौका आप को देकर देखिए। अगर काम न करूं, तो वोट मांगने नहीं आऊंगा। दिल्ली में मौका दिया था। वहां की तस्वीर बदल कर रख दी। दिल्ली और पंजाब को छोड़कर देश में हर जगह स्कूलों और अस्पतालों की हालत खराब है। केजरीवाल ने कहा- जिस दिन प्रधानमंत्री ने मनीष सिसौदिया को जेल भेजा, उस दिन लगा देश का प्रधानमंत्री पढ़ा- लिखा होना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते, तो उन्हें शिक्षा का महत्व पता होता। कम पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री होगा, तो कोई भी उन्हें बेवकूफ बना देगा। प्रधानमंत्री से कोई कहेगा कि नोटबंदी से आतंकवाद कम हो जाएगा। कम पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री होगा, तो कोई कहेगा थाली बजवाओ, उससे तरंगें निकलेंगी और कोरोना भाग जाएगा। प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से ताली बजवा दी। क्या कोराना भागा? इसलिए मैं कहता हूं- देश का प्रधानमंत्री का पढ़ा-लिखा होना बहुत जरूरी है। केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाला हुआ। वूमन एंड चाइल्ड डिपार्टमेंट में 100 करोड़ का घोटाला हुआ, लेकिन पीएम ने किसी को जेल नहीं भेजा।

अगली बार गुजरात में सरकार बनाएंगे
केजरीवाल ने कहा- अब हम गुजरात के अंदर घुस गए। शेर की मांद में घुस गए हैं। इस बार 14 प्रतिशत वोट आए हैं। अगली बार सरकार बनाएंगे। भाजपा ने केजरीवाल के खिलाफ षड्यंत्र किया। इन्होंने दो मंत्री गिरफ्तार करवा दिए। मनीष सिसोदिया और दूसरे मंत्री को जेल में डाल दिया। दिल्ली और पंजाब छोड़कर पूरे देश में सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की हालत खराब है। मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के सरकारी स्कूल में कमाल करके दिखा दिया।


नीयत साफ हो, तो सब कुछ हो सकता है
भगवंत मान ने भी सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए मान ने कहा कि ‘बड़े साहबÓ कहते हैं कि में रेल के डिब्बों के चाय बेचता था। अब बड़े साहब रेल ही बेच दी। बड़े साहब ने रेल से लेकर तेल तक, सब बेच दिया। केंद्र सरकार हम दो हमारे दो के नारे पर चल रही है। ऊपर वाले दो यानी अडाणी और अंबानी। मान ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस चेंज नहीं, एक्सचेंज हो गई है। कांग्रेस सेल पर है। मान ने कहा कि नीयत साफ हो, तो सब कुछ हो सकता है। पंजाब में आप ने ये कर दिखाया है। हम सच्ची नीयत से काम करने वाले लोग हैं। हम किसी पार्टी को छोडऩे या निकाले जाने वाले लोग नहीं हैं। मान ने कहा कि हम जनता से पूछकर पॉलिसी बनाते हैं। ‘सरकार आपके द्वारÓ का काम हमारी सरकार करती है। विश्वस्तरीय शिक्षा पर सबका अधिकार है, लेकिन इनके यहां फर्क होता है। अमीर गरीब में.. किताबों तक फर्क करते हैं। काम करने वालों को भाजपा सरकार जेल में डलवा देती है।

प्रदेश में आप की 1 मेयर और 52 पार्षद
आम आदमी पार्टी ने पिछले साल हुए नगरीय निकाय के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे। सिंगरौली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने रानी अग्रवाल को मेयर बनाने में कामयाबी हासिल की। सिंगरौली के अलावा पार्टी के प्रदेश भर में 52 पार्षद जीते थे। नगरीय निकाय के चुनाव में आप को 6.3 प्रतिशत वोट मिले थे। पंचायत चुनाव में 10 जिला पंचायत सदस्य, 27 जनपद पंचायत सदस्य और 118 सरपंच चुनाव जीते थे।

Share:

Next Post

यूथ महापंचायत 23 मार्च को भोपाल में

Wed Mar 15 , 2023
सीएम राज्य युवा नीति का करेंगे लोकार्पण भोपाल। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 23 मार्च को यूथ महापंचायत का आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य युवा नीति का लोकार्पण करेंगे। सीएम ने अधिकारियों को यूथ महापंचायत को युवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने के लिए विभाग […]