
इन्दौर। मानसून ने जुलाई की शुरुआत में ही जोरदार तेवर दिखा दिए हैं। कल शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर आज सुबह तक लगातार जारी है। सुबह तक शहर में हुई तेज बारिश ने कई इलाकों को तरबतर कर दिया। विमानतल स्थित मौसम केंद्र पर पिछले 24 घंटे में 64.1 मिमी (2.5 इंच) बारिश दर्ज की गई। शाम 4 से 6.30 बजे के बीच मूसलधार बारिश के कारण शहर की कई सडक़ें जलमग्न हो गईं और निचले इलाकों में पानी भर गया।
मौसम विभाग के अनुसार एक जून से अब तक इंदौर विमानतल केंद्र पर 283.9 मिमी (11.2 इंच) बारिश हो चुकी है। खास बात यह है कि जुलाई के शुरुआती तीन दिनों में ही शहर में 169.8 मिमी यानी 6.7 इंच बारिश दर्ज हो गई, जबकि पिछले वर्ष पूरे जुलाई महीने में केवल 154.9 मिमी (करीब 6.1 इंच) बारिश हुई थी। यानी इस बार जुलाई ने शुरुआती दिनों में ही पिछले साल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। अगले कुछ दिनों तक जोरदार बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा।
जिले में गौतमपुरा 16.8 इंच के साथ सबसे आगे
1 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में जिले में सबसे अधिक बारिश गौतमपुरा में हुई है। यहां अब तक 16.8 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, वहीं देपालपुर में 12.6 इंच, इंदौर विमानतल पर 11.2 इंच, सांवेर में 11.2 इंच, हातोद में 8.2 इंच और सबसे कम महू में 8 इंच बारिश हुई है। पूरे जिले में एक जून से अब तक औसत 11.4 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मध्य और पूर्व में कम बारिश
विमानतल मौसम केंद्र पर जहां 24 घंटों में ढाई इंच बारिश दर्ज की गई, वहीं शहर के मध्य में रीगल स्थित वेदर मॉनिटरिंग स्टेशन पर 1.2 इंच और शहर के पूर्व में कृषि महाविद्यालय स्थित मौसम केंद्र पर 1 इंच बारिश की गई, यानी कल बादल पश्चिमी शहर पर ज्यादा मेहरबान रहे। इसके चलते कुल बारिश में भी पश्चिम क्षेत्र 11.2 इंच के साथ सबसे आगे है।
बारिश एक नजर में
मौसम केंद 24 घंटे में जून वर्षा
विमानतल 2.5 इंच 1.2 इंच
कृषि कॉलेज 1.0 इंच 8.7 इंच
रीगल 1.1 इंच 10 इंच
गौतमपुरा 1 इंच 16.8 इंच
देपालपुर 1.4 इंच 12.6 इंच
सांवेर 0.2 इंच 11.2 इंच
हातोद 0.2 इंच 8.2 इंच
महू 0.2 इंच 8 इंच
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved