देश राजनीति

राजस्थान की सियासत पर हाई वॉल्टेज ड्रामा, अब दिल्ली पर चढ़ाई


देशभर के राजभवनों का होगा घेराव
जयपुर। राजस्थान में सियासत की जंग दिल्ली तक जा पहुंची है। कांग्रेस ने केन्द्र के इशारे पर लोकतांत्रिक सरकार को गिराने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता अब देशभर में राजभवन का घेराव करेंगे। कल कैबिनेट की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि सरकार गिराने के भाजपा के प्रयास सफल नहीं होंगे और अब इसके लिए कांग्रेसी प्रदेश ही नहीं पूरे देश में सड़कों पर उतरकर राजभवन का घेराव कर भाजपा को बेनकाब करेंगे।
बागी विधायकों के घर-घर जाकर परिजनों को देंगे फूल
पायलट खेमे के बागी विधायकों की वापसी के लिए कांग्रेस ने नया फार्मूला निकाल लिया है। राजस्थान में कांग्रेसी कार्यकर्ता गांधीगीरी करने वाले हैं। एनएसआईयू के कार्यकर्ता बागी विधायकों के घर-घर जाकर उनके परिजनों को फूल देकर विधायकों की वापसी के लिए मनाएंगे।
विधानसभा सत्र 31 को, राज्यपाल को भेजा प्रस्ताव
राज्यपाल से तनातनी के बीच गहलोत कैबिनेट ने विधानसभा सत्र बुलाए जाने का प्रस्ताव राज्यपाल कलराज मिश्र को भेज दिया है, जिसमें कहा गया कि 31 जुलाई को विधानसभा सत्र बुलाएं। प्रस्ताव में बहुमत सिद्ध करने का जिक्र नहीं है। इसमें कोरोना के संबंध में चर्चा करने तथा 6 बिल पास कराए जाने की बात कही गई है। उधर भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी बेवजह राज्यपाल पर दबाव बना रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।
कांग्रेसी उतरे सड़कों पर
राजस्थान में जारी सियासी जंग अब सड़कों पर दिखने लगी है। कल हजारों की संख्या में कांग्रेसी सड़कों पर उतरे और राजभवन का घेराव किया। कुछ स्थानों पर सचिन पायलट के पुतले भी फूंके गए।
अभी लंबी चलेगी जंग… विधायक होटल में ही रहें : गहलोत
देर रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने होटल में ठहरे अपने विधायकों से मुलाकात की और कहा कि भाजपा और लोकतंत्र विरोधी केन्द्र सरकार के खिलाफ जारी जंग काफी लंबी चलेगी। उन्होंने सभी विधायकों से अपील की कि वे इस लंबी जंग में सरकार का साथ दें। उन्हें अभी कुछ और दिन होटल में ही रहना होगा।
आइए लोकतंत्र की रक्षा करें : राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर देश की जनता से अपील की कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए केन्द्र सरकार के खिलाफ एकजुट हों।

Share:

Next Post

8-10 दिन में 5-6 और विधायक भाजपा में आएंगे

Sun Jul 26 , 2020
कांग्रेस के बागी प्रद्युम्न लोधी का दावा भोपाल। पिछले एक पखवाड़े में कांग्रेस के 3 बड़े नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस में मची खलबली के बीच हाल में भाजपा का दामन थामने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रद्युम्नसिंह लोधी ने कहा कि कांग्रेस के 5-6 विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं, […]