बड़ी खबर राजनीति

Himachal Elections: कांग्रेस ने जारी की 46 उम्मीदवारों की पहली सूची, छह नए चेहरों को टिकट

– बंजार सीट से पूर्व भाजपा अध्यक्ष खिमी राम को मिला टिकट
जगत सिंह नेगी को छोड़कर सभी सिटिंग विधायकों को टिकट

शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनाव (Himachal assembly elections) के लिए कांग्रेस (Congress) ने लंबी जद्दोजहद के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची (first list of candidates) जारी कर दी है। राज्य में 12 नवम्बर को मतदान होना है और नतीजे आठ दिसम्बर को घोषित होंगे। मंगलवार देर शाम कांग्रेस पार्टी 46 उम्मीदवारों की सूची (list of 46 candidates) जारी कर पाई है। कांग्रेस को अब 22 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने शेष हैं।

कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी इस पहली सूची में किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी को छोड़कर पार्टी के अन्य सभी 19 सिटिंग विधायकों को उम्मीदवार बनाया गया है। खास बात यह है पहली सूची में छह नए चेहरों को उतारा गया है। चुराह, नगरोटा बंगवां, पच्छाद, चौपाल, ठियोग और बंजार हलकों से नए उम्मीदवार उतारे गए हैं।


कांग्रेस ने बंजार सीट पर पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खिमी राम को उम्मीदवार घोषित किया है। खिमी राम हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ठियोग से उम्मीदवार होंगे। सिराज सीट पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ पार्टी ने चेतराम ठाकुर को दोबारा मैदान में उतारा है। पहली सूची में तीन महिलाओं को जगह मिली है। डलहौजी से आशा कुमारी, मंडी सदर से चंपा ठाकुर और पच्छाद से दयाल प्यारी को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस आलाकमान ने पिछला चुनाव हारने वाले तीन पूर्व मंत्रियों को टिकट दी है। धर्मशाला से सुधीर शर्मा, द्रंग से कौल सिंह ठाकुर और बल्ह से पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।

जिन मौजूदा विधायकों को फिर चुनाव मैदान में उतारा गया है, उनमें डलहौजी से आशा कुमारी, कांगड़ा जिला के फतेहपुर से भवानी सिंह पठानिया, पालमपुर से आशीष बुटेल, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, सुजानपुर से राजिंदर राणा, बड़सर से इंद्र दत्त लखनपाल, नादौन से सुखविंद्र सिंह सुक्खू, हरोली से मुकेश अग्निहोत्री, उना से सतपाल सिंह रायजादा, श्री नैना देवी जी से राम लाल ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी, सोलन से कर्नल धनी राम शांडिल, श्री रेणुकाजी से विनय कुमार, शिलाई से हर्षवर्धन चौहान, कुसुम्पटी से अनिरुद्ध सिंह, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर, रामपुर से नन्द लाल और रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, सुंदरनगर से सोहन लाल, भोरजं से सुरेश कुमार, झंडूता से विवेक कुमार, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, दून से राम कुमार, कसौली से बिनोद सुल्तानपुरी, नाहन से अजय सोलंकी, चौपाल से रजनीश किमता चुराह से यशवंत सिंह खन्ना, चम्बा से नीरज नैयर, भटियात से कुलदीप सिंह पठानिया, नूरपुर से अजय महाजन, ज्वाला से पूर्व सांसद चन्द्र कुमार, जसवा परागपुर से सुरेंद्र सिंह मनकोटिया, ज्वालामुखी से संजय रत्न, नगरोटा से पूर्व दिवंगत मंत्री जीएस बाली के बेटे रघुबीर बाली, शाहपुर से केवल सिंह पठानिया, बैजनाथ से किशोरी लाल को उम्मीदवार घोषित किया है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

संघ, समाज निर्माण और महिला सशक्तिकरण

Wed Oct 19 , 2022
– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शक्तिशाली राष्ट्र और समाज निर्माण की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करता है। इसमें आधी आबादी अर्थात महिलाओं का योगदान भी अपेक्षित है। संघ के तमाम अनुषांगिक संगठन इसमें महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं। इस बार विजय दशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के […]