
बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में महिला पर उसके पति ने भीषण हमला किया है। अटैक के दौरान, पति ने पत्नी पर फ्लोर क्लीनर फेंका और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमले किए। यह घटना जेपी नगर थर्ड फेज में नारायण क्लिनिक के पास हुई है। बता दें कि पीड़िता का नाम मधुमिता है। उनकी उम्र 26 साल है। फिलहाल, आरोपी पति वेंकटेश को अरेस्ट कर लिया गया है। दोनों की शादी साल 2023 में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे।
मधुमिता, बेंगलुरु के नारायण क्लीनिक में नर्स का काम करती थीं। वहीं, पति वेंकटेश तमिलनाडु के मदुरई में एक ऑयल कंपनी में काम कर रहा था। वो बीते बुधवार की शाम को बेंगलुरु आया। फिर, आज सुबह जब मधुमिता नाश्ते के लिए बाहर निकली थीं, इसी दौरान उनके पति ने पीछा किया। मधुमिता मदद के लिए चिल्लाते हुए अस्पताल की पार्किंग एरिया की तरफ भागीं। तभी पति ने मधुमिता पर धारदार हथियार से हमला किया और फ्लोर क्लीनर फेंका।
हमले के बाद आरोपी पति ने मौके से भागने की कोशिश भी की। गंभीर रूप से घायल मधुमिता का अभी एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह डेढ़ साल से नारायण क्लिनिक में नर्स के तौर पर काम कर रही थीं। जेपी नगर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और इलाके का मुआयना किया।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और जिस बाइक पर वो आया था उसे भी जब्त कर लिया गया है। हमले के दौरान, स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की। उन्होंने हमलावर पर पत्थर फेंककर उसे बचाने का प्रयास किया।
आरोपी ने उसे बचाने आए लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की। फिर, पास के सिग्नल पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी वेंकटेश से आगे की पूछताछ कर रही है। इससे पहले हाल में हासन जिले में दो लड़कों के साथ लॉज में गई 23 साल की युवती की लाश बाथरूम में मिली थी। वहीं, उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved