
- दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया तो पीडि़ता ने दर्ज करा दी एफआईआर
भोपाल। नीलबढ़ में रहने वाली महिला के घर में बीती 22 दिसंबर की तड़के पति का दोस्त घुस गया। आरोपी ने मासूम बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर पीडि़ता के साथ ज्यादती की। घटना के समय फरियादिया का पति घर के बाहर था। आरोपी युवक महिला पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। तब महिला ने मामले की जानकारी पति को दी और थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
रातीबढ़ पुलिस के अनुसार 31 वर्षीय महिला नीलबढ़ की निवासी है। वह गृहणी है, जबकि उसका पति खेती किसानी का काम करता है। गांव में ही रहने वाला आरोपी शुभम पटेल खेती किसानी करता है और महिला के पति का दोस्त है। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि 22 दिसंबर तड़के पौने पांच बजे उसका पति खेत पर चला गया था। इस दौरान वह मकान के पिछले हिस्से का गेट खुला छोड़ गया। इसी का फायदा उठाकर आरोपी शुभम घर में घुस आया। उसने बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर महिला के साथ बलात्कार किया। किसी को भी वारदात की जानकारी देने पर आरोपी ने महिला को परिवार सहित खत्म करने की धमकी दी और फरार हो गया। आरोपी के खौफ से पीडि़ता ने किसी को भी मामले की जानकारी नहीं दी। अब आरोपी दोबारा संबंध बनाने का दबाव महिला पर डालने लगा। तब फरियादिया ने पति को पूरा घटनाक्रम बताया और उसने साथ में थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।