
सीहोर। इछावर थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर एवं 15 हजार रुपये नगद सहित करीब 7 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार खेड़ीपुरा निवासी राजेश कुमार श्रीवास्तव के घर में 16-17 जून की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने नकबजनी कर सोने के जेवर और नगदी चुरा ली थी। मामले में इछावर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में धीरज उर्फ धीरू वर्मा (23) निवासी खेड़ीपुरा, सूरज वर्मा (25) निवासी ग्राम खैरी, धर्मेन्द्र उर्फ सेंटू वर्मा (33) निवासी खेड़ीपुरा तथा माधोशरण सोनी (51) निवासी सराफा बाजार, सीहोर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर, उपनिरीक्षक मेहताप वासगे, प्रधान आरक्षक राजेश तिवारी, विक्रम सिंह तथा आरक्षक संजय और महेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved