इंदौर न्यूज़ (Indore News)

बूथ बनेंगे पिंक तो 104 को बनाया जाएगा आदर्श

माता-पिता के साथ आने वाले बच्चों के लिए रहेगी विशेष व्यवस्था
दिव्यांगों द्वारा भी मतदान केंद्र होगा संचालित
इंदौर। निर्वाचन आयोग (Election Commission) के दौरे के बाद विभाग अब मतदान के लिए बूथ निर्माण ( Booth Construction) की प्रक्रिया में लग गया है। जिला प्रशासन (District Administration) इस बार महिलाओं को प्रोत्साहन देने के लिए 800 पिंक बूथ बना रहा है, वहीं 104 मतदान केंद्रों को आदर्श बूथ (Model Booth) की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। यहां महिलाओं के साथ आने वाले बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।


निर्वाचन विभाग मतदाताओं को सर्वसुविधायुक्त माहौल में मतदान करने की सुविधा देने के साथ-साथ मतदानकर्मियों को भी प्रोत्साहित करने की प्रक्रिया कर रहा है। 800 ऐसे बूथ महिलाओं द्वारा संचालित करने के लिए तैयार किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने महिला कर्मचारियों के साथ-साथ दिव्यांग कर्मचारियों के प्रोत्साहन के लिए भी दिव्यांग संचालित बूथ के निर्माण की पहल की है। कलेक्टर इलैया राजा के अनुसार मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसके लिए स्वीप गतिविधि के तहत न केवल विभिन्न तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही है, बल्कि सर्वसुविधायुक्त माहौल देने के लिए भी तैयारी की जा रही है। ऐसे 800 मतदान केंद्र जहां सिर्फ महिला कर्मचारी जिम्मेदारी निभाएंगी, उन्हें पिंक बूथ की तर्ज पर सजाया जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी तैयारी निगम के अमले द्वारा की जा रही है। इन सभी 800 केंद्रों की पूरी जिम्मेदारी महिला सुरक्षाकर्मियों महिला कर्मचारी द्वारा ही उठाई जाएगी। इन्हें पिंक रंग से सजाया जाएगा व पिंक गुब्बारे लगाए जाएंगे।

104 आदर्श केंद्र होंगे

वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और आम जनता के लिए सर्वसुविधायुक्त मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 104 केंद्र आदर्श होंगे। यहां पानी, छांव, बैठक व्यवस्था, दिव्यांग रैंप जैसी सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद की जाएंगी। हालांकि कलेक्टर के अनुसार सभी 2486 मतदान केंद्रों को सुविधायुक्त बनाने की पहल की जा रही है, वहीं एक दिव्यांग संचालित मतदान केंद्र भी विकसित किया जा रहा है, जहां दिव्यांग कर्मचारी ही तैनात रहेंगे। माता-पिता के साथ आने वाले बच्चों के लिए विशेष खेलकूद की व्यवस्था की जा रही है।

 

Share:

Next Post

मालवा-निमाड़ के 12 विधायक डेंजर झोन में

Sat Oct 14 , 2023
भोपाल। अपनी 4 सूचियों में 136 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुकी भाजपा (BJP) की पांचवीं सूची में कई मौजूदा विधायकों (MLA) के टिकट कटने की संभावना है। वहीं मालवा-निमाड़ में 12 विधायक डेंजर झोन में हैं। इन विधायकों में 3 वो विधायक भी शामिल हैं, जो कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए थे। […]