मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गीता ज्ञान (Gita Gyan) और आध्यात्मिक प्रवचन की आड़ में युवतियों का कथित तौर पर शोषण (Exploitation of Young Women) करने के आरोप में साधु वेशधारी एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवतियों को नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न करने और धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और उसने आईआईटी रुड़की से बीटेक की पढ़ाई की है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ वर्षों से गोवर्धन के राधाकुंड क्षेत्र में रह रहा था और ऑनलाइन गीता प्रवचन व आध्यात्मिक सत्रों के जरिए युवाओं को अपने संपर्क में लाता था। आरोप है कि वह युवतियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब छत्तीसगढ़ की एक छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि वह अपनी बहन से मिलने मथुरा आई थी, जहां आरोपी ने कथित तौर पर उसे प्रसाद बताकर दूध पिलाया। पीड़िता के अनुसार, दूध पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। विरोध करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और जांच शुरू की। इसके बाद आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को मौके से दो युवतियां भी मिलीं, जिन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि युवतियों की मानसिक स्थिति और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर युवतियों को नशीला पदार्थ देने, यौन शोषण और धमकी देने जैसे आरोपों की जांच चल रही है। अधिकारियों ने कहा कि मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं और लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved