भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सिर्फ आठ दिन के मंत्री हैं इमरती और गिर्राज

  • उपचुनाव में हार के बाद भी नहीं छोड़ी कुर्सी

भोपाल। नए साल में शिवराज मंत्रिमंडल में दो मंत्री और कम हो जाएंगे। क्योंकि महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी और कृषि कल्याण विभाग के राज्यमंत्री 2 जनवरी को बिना विधायक के मंत्री बने रहने का छह महीने का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। उनका सिर्फ आठ दिन का कार्यकाल बचा है। ये दोंनो मंत्री पिछले महीने विधानसभा उपचुनाव में हार गए थे। इसके बाद से दोनों मंत्री पद पर बने हुए हैं। हालांकि दोनों ऐलान कर चुके हैं कि वे इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन न तो उनके इस्तीफे सामने आए और न ही स्वीकार किए गए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने 23 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके 29 दिन बाद 21 अप्रैल को उन्होंने पांच मंत्रियों को शपथ दिलाई। कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से मंत्रिमंडल का विस्तार टलता गया। 2 जुलाई को मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। जिसमें 28 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी। जिसमें से 12 मंत्री ऐसे थे, जिन्होंने बिना विधायक के शपथ ली थी। उपचुनाव में ज्यादातर मंत्री चुनाव जीत गए, लेकिन इमरती देवी, ऐंंदल सिंह कंषाना और गिर्राज दंडोतिया चुनाव हार गए। चुनाव परिणाम के तत्काल बाद ऐंदल सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। जो स्वीकार भी हो चुका था। लेकिन इमरती और गिर्राज ने मंत्री पद की कुर्सी नहीं छोड़ी। चुनाव हारने के बाद भी इरमती देवी वर्चुअल कैबिनेट बैठकों में हिस्सा लेती रही हैं। ऐसे में अब वे अपना छह महीने का कार्यकाल 2 जनवरी को पूरा कर रहे हैं। इसके बाद उनकी मंत्रिमंडल की सदस्यता स्वत: निरस्त हो जाएगी और वे मंत्री नहीं रहेंगे।

मंत्री बनने के इंतजार में पूर्व मंत्री
विधानसभा उपचुनाव के दौरान गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट ने बिना विधायक के मंत्री बने रहने का छह माह का कार्यकाल पूरा होने पर इस्तीफा दे दिया था। वे उपचुनाव जीत गए हैं, लेकिन डेढ़ महीने से मंत्री बनने के इंतजार में है। अभी मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा, यह तय नहीं है। क्योंकि कितने और किन-किन विधायकों को मंत्री बनाना है। इस पर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है।

Share:

Next Post

चीन को एक बार फिर घेरेगा अमेरिका, ये है घेरने का कारण

Fri Dec 25 , 2020
अमेरिका ने चीन में वीगर मुसलमानों पर लगायी जा रही विभिन्न पाबंदियों को अल्पसंख्यक समुदाय का नरसंहार करार देते हुए इसकी विस्तृत जांच करने की बात कही है। अमेरिकी प्रशासन के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह बात कही। समाचार एजेंसी क्योडा की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने वैश्विक आपराधिक […]