उत्तर प्रदेश देश

भाजपा की तिरंगा यात्रा में फ्री में पेट्रोल लेने के लिए मची लूट, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में भाजपा विधायक को तिरंगा यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए बाइकर्स को मुफ्त में एक लीटर पेट्रोल बांटना महंगा साबित हो गया। पेट्रोल लेने के लिए मची भगदड़ से स्थिति बेकाबू हो गई। लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। लाठीचार्ज और भगदड़ के चलते स्वतंत्रता दिवस पर झंडे भी जमीन पर लोगों के पैरों के नीचे आ गए। हालांकि बड़ा हादसा होने से बच गया। आसमान पर जाते दामों वाला पेट्रोल जब कार्यकर्ताओं ने जमीन पर देखा तो सब एक ऊपर एक टूट पड़े और छीना झपटी करने लगे।

चायल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक संजय गुप्ता ने रविवार 15 अगस्त को अपराह्न तीन बजे तिरंगा यात्रा निकाली। लोगों की मानें तो तिरंगा यात्रा भीड़ जुटाने के लिए विधायक की तरफ से बाइकर्स को एक-एक लीटर पेट्रोल फ्री में बांटने की व्यवस्था की गई थी। तेल की बोतल लेने के लिए भाजपाई एक दूसरे के के ऊपर गिरने लगे। फ्री में पेट्रोल लेने का जुनून लोगों के सिर पर सवार था और लोग अपनी जान की परवाह तक नहीं कर रहे थे। भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि कार्यक्रम स्थल कोखराज थाना क्षेत्र के किड्जी स्कूल कैंपस में पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। पेट्रोल की एक बोतल को पाने के लिए कई लोगों में छीना झपटी हो रही थी।


चायल विधानसभा में 40 किलोमीटर की थी तिरंगा यात्रा
बीजेपी विधायक संजय गुप्ता की ओर से पूर्व में ही प्रस्तावित इस तिरंगा यात्रा की तैयारियां महीनों पहले से शुरू कर दी गई थी। स्वाधीनता दिवस के मौके पर करीब 3 बजे भरवारी क़स्बा स्थित किड्जी कालेज परिसर से 40 किलोमीटर लम्बी यात्रा शुरू हुई। इस यात्रा में भीड़ की कमी न हो इसके लिए पेट्रोल बोतलों में स्टॉक कर रखा गया था। जिनको लेने के लिए कार्यकर्ता अपनी जान पर खेलने के लिए अमादा हो गए। 

तिरंगा यात्रा में भाजपा विधायक ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। डिप्टी सीएम केशव मौर्या के बड़े बेटे योगेश मौर्या, जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी सहित पूरी जिला इकाई यात्रा का हिस्सा बनी। इस दौरान भीड़ ने कोविड नियमों को तार किया। लेकिन किसी भी जिम्मेदार ने रोकने की जहमत नहीं उठाई। कार्यक्रम में हुई इस अव्यवस्था के लिए आयोजक से लेकर प्रशासनिक अधिकारी तक कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है।

Share:

Next Post

WYC: भारतीय तीरंदाजों ने पोलैंड में लहराया तिरंगा, आठ गोल्ड समेत कुल 15 पदक जीते

Mon Aug 16 , 2021
नई दिल्ली। भारतीय तीरंदाजों ने युवा विश्व चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। पोलैंड में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारतीय तीरंदाजों का दबदबा रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने रविवार को रिकर्व राउंड में भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। महिलाओं की अंडर-18 रिकर्व स्पर्धा की पिछले साल की […]