
इंदौर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग पहली ही तेज बारिश में टपकने लगी। 12 जून से इस भवन से स्टेशन का संचालन किया जा रहा है, लेकिन मानसून की पहली तेज बारिश में छत से कई जगह पानी का रिसाव होने लगा। इसके कारण भवन के अंदर कई स्थानों पर पानी जमा हो गया, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

बारिश के दौरान स्टेशन भवन के वेटिंग एरिया, कॉरिडोर और अन्य हिस्सों में छत से पानी टपकने की शिकायत सामने आई है। रिसाव के कारण फर्श पर पानी भर गया, जिससे यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। नई बिल्डिंग शुरू होने के महज कुछ सप्ताह बाद ही सामने आई इस स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

यात्रियों का कहना है कि जिस भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है, उसमें पहली ही बारिश में ऐसी खामियां सामने आना गंभीर मामला है। लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का पुनर्विकास कार्य जुलाई 2023 में शुरू हुआ था। करीब 55 करोड़ रुपए की इस परियोजना में लगभग 45 करोड़ रुपए स्टेशन भवन और यात्री सुविधाओं पर तथा 10 करोड़ रुपए 36 फीट चौड़े फुटओवर ब्रिज के निर्माण पर खर्च किए जा रहे हैं। नए दो मंजिला स्टेशन भवन में तीन लिफ्ट, हाई लेवल प्लेटफॉर्म और आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
जब अभी ही ये हाल तो आगे क्या होगा
पहली ही तेज बारिश में नई बिल्डिंग में हुए रिसाव और परिसर में पानी जमा होने की स्थिति ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही ऐसी स्थिति है तो भविष्य में यात्रियों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अब सभी की नजर रेलवे और निर्माण एजेंसी पर है कि इन खामियों को कब तक दूर किया जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved