
इंदौर। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में पिछले महीने हुए बहुचर्चित और सनसनीखेज अभि उर्फ अभितेंद्र तोमर हत्याकांड का इंदौर पुलिस ने पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया है। भिंड की एक बेहद खतरनाक और पेशेवर ‘गुलशन यादव गैंग’ ने अपने भाई की हत्या का प्रतिशोध लेने के लिए इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के कड़े निर्देशों के बाद गठित एसआईटी ने न सिर्फ इस हत्याकांड के चारों मुख्य शूटरों को दबोच लिया है, बल्कि उन्हें फरारी के दौरान संरक्षण देने वाले 6 अन्य मददगारों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मुख्य आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
रोंगटे खड़े कर देने वाली यह वारदात बीते 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे लसूड़िया क्षेत्र के गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने हुई थी। यहाँ भिंड के रहने वाले अभि उर्फ अभितेंद्र तोमर की पुरानी रंजिश के चलते सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस अंधे क़त्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए एडिशनल कमिश्नर मयंक अवस्थी और डीसीपी अमन सिंह राठौर के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी और जमीनी इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए सबसे पहले शूटर पीयूष उर्फ दद्दु, सत्यबीर उर्फ सत्ते, चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया और गौरव जाटव को अलग-अलग तारीखों में गिरफ्तार किया।
इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी गुलशन यादव घटना के बाद से ही लगातार पुलिस को छका रहा था। वह पुलिस से बचने के लिए अहमदाबाद भागा और वहां से सीधे रामेश्वरम की तरफ निकल गया था। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपनी अग्रिम जमानत की अर्जी लगाने के लिए विजयनगर इलाके में आने वाला है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर गुलशन यादव को दबोच लिया। पूछताछ में उसने कुबूला कि उसके भाई विष्णु यादव की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अभि तोमर को मौत के घाट उतारा।पुलिस ने इस मामले में हत्यारों को वित्तीय मदद देने, छुपाने और गाड़ी मुहैया कराने वाले 6 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें नरेश जाटव, भानु गुर्जर, गौरव मौर्य, तुलसीराम, राजेंद्र शर्मा और प्रीति लहरिया शामिल हैं। पकड़े गए बदमाशों का रिकॉर्ड बेहद खौफनाक है। मुख्य आरोपी गुलशन यादव पर अकेले भिंड और अन्य जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के 26 मामले दर्ज हैं, जबकि शूटर डीलू पर 12 और गौरव पर 6 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट से रिमांड पर लेकर वारदात में इस्तेमाल की गई स्पलेंडर मोटरसाइकिल की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved