
इंदौर, विकाससिंह राठौर।
इंदौर (Indore) से थाईलैंड (Thailand) घूमने जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) ने विंटर शेड्यूल में 1 नवंबर से इंदौर से बैंकॉक (Bangkok) के बीच सीधी उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। एयरलाइंस को इस पर मंजूरी भी मिल चुकी है। हालांकि कंपनी में अभी तक न तो इस फ्लाइट की अधिकृत घोषणा की है न ही बुकिंग शुरू हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही कंपनी इस फ्लाइट की बुकिंग शुरू करेगी और 1 नवंबर से इंदौर थाईलैंड से जुड़ जाएगा। यात्रियों को इसका बेसब्री से इंतजार है।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावित विंटर शेड्यूल में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर से बैंकॉक के बीच सप्ताह में चार दिन फ्लाइट संचालित करने का प्रस्ताव दिया है। इस पर मंजूरी दी गई है। कंपनी द्वारा फ्लाइट का संचालन 1 नवंबर से करना प्रस्तावित है। कंपनी अभी इंदौर से अबूधाबी के बीच सीधी उड़ान का संचालन कर रही है। इसे भी जारी रखा जाएगा।
176 सीटर विमान से सप्ताह में चार दिन होगी संचालित
प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की बैंकॉक उड़ान (आईएक्स-0298/0297) 1 नवंबर 2026 से 26 मार्च 2027 तक संचालित करने की योजना है। उड़ान इंदौर से सुबह 9.40 बजे रवाना होगी, वहीं बैंकॉक से वापसी की उड़ान शाम 6.50 बजे इंदौर पहुंचेगी। इस फ्लाइट का संचालन बोइंग 737 मैक्स 8 विमान से किया जाएगा, जिसमें 176 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। उड़ान सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित करने का प्रस्ताव है।
स्लॉट को मंजूरी, घोषणा का इंतजार
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने विंटर शेड्यूल के लिए बैंकॉक उड़ान का स्लॉट मांगा था, जिसे मंजूरी मिलने की जानकारी है। इसके बावजूद कंपनी की ओर से अब तक उड़ान की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि कंपनी द्वारा स्लॉट मांगना और इस पर मंजूरी मिलना उड़ान शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हो सकता है आने वाले दिनों में इसकी बुकिंग शुरू हो या हो सकता है कि इसमें थोड़ी देरी हो, लेकिन अब इंदौर के खाते में इस फ्लाइट का जुड़ना तय है।
स्टार एयर और फ्लाई 91 के आने की भी उम्मीद
प्रस्तावित शेड्यूल में इंदौर से पूर्व में उड़ानों का संचालन कर चुकी स्टार एयर ने गोंदिया की सीधी फ्लाइट शुरू करने का भी प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही फ्लाई 91 एयरलाइंस ने भी इंदौर से पुणे फ्लाइट शुरू करने के लिए प्रस्ताव दिया है। दोनों के प्रस्तावों पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मंजूरी दे दी है। हालांकि यह दोनों कंपनियां 6 माह पहले समर शेड्यूल में भी मंजूरी लेने के बाद उड़ानें शुरू नहीं कर पाई थीं। इस बार उम्मीद है कि इंदौर के खाते में दो नई एयरलाइंस के साथ दो नई उड़ानें भी जुड़ेंगी।
जल्द आएगा फाइनल शेड्यूल
डीजीसीए द्वारा देश के सभी एयरपोर्ट्स पर संचालित होने वाली उड़ानों का साल में दो बार शेड्यूल जारी किया जाता है। अक्टूबर अंत से मार्च अंत तक लागू रहने वाले विंटर शेड्यूल के लिए सभी एयरलाइंस से प्रस्ताव मांगे गए थे, जिसके आधार पर प्रस्तावित शेड्यूल तैयार किया गया है। कई बार एयरपोर्ट्स समय की अनुपलब्धता के कारण एयरलाइंस के कुछ प्रस्तावों को स्वीकार नहीं कर पाते हैं। ऐसी स्थिति में फाइनल शेड्यूल से ऐसी उड़ानों को हटाना पड़ता है। अगले कुछ ही दिनों में फाइनल शेड्यूल जारी होगा, जिसमें सारी स्थिति स्पष्ट होगी।
समय और खर्च बचेगा
इंदौर सहित मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक थाईलैंड घूमने जाते हैं। अभी सीधी उड़ान न होने के कारण यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद सहित अन्य शहरों से होते हुए बैंकॉक की फ्लाइट लेना पड़ती है। इसमें बहुत ज्यादा समय और पैसा खर्च होता है। सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों के समय और पैसों की बचत होगी, वहीं इंदौर का दुनिया के दो देशों से सीधा संपर्क भी जुड़ जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved