
मस्जिदों व मरकजों में होगी वाअज
इंदौर। दाऊदी बोहरा समाज (Dawoodi Bohra Community) का हिजरी सन् 1448 नववर्ष आज से शुरू हो रहा है। मोहर्रम (Muharram) की दो तारीख मंगलवार से मोहर्रम की दस तारीख 24 जून बुधवार तक शहर की सभी मस्जिदों और मरकजों (Mosques and Markaz (centers)) पर वाअज होगी। सैफी नगर मस्जिद में अशारा मुबारका की नौ दिनी वाअज जनाब अब्देली भाई मनमाड़वाला फरमाएंगे, वहीं धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन इस बार मोहर्रम की नौ दिनी वाअज लंदन में फरमाएंगे।
समाज के इंदौर के मीडिया प्रभारी मजहर हुसैन सेठजीवाला और सदस्य बुरहानुद्दीन शकरूवाला ने बताया कि सैफी नगर मस्जिद में अशारा मुबारका की वाअज फरमाने के लिए सूरत से इंदौर आए जनाब अब्देली भाई मनमाड़वाला का इंदौर रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद वे सैफी नगर पहुंचे। सैफी नगर में जुलूस के साथ मस्जिद परिसर आने पर बुरहानी स्काउट बैंड ने सलामी पेश दी। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित समाज की विभिन्न कमेटियों द्वारा भी उनका स्वागत किया गया। इस दौरान शेख बाकीर दवाईवाला, शेख यूसुफ महूवाला, यूनुस सलीम, ताहेर रतलामवाला, जूजर देवासवाला सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बंद रहेगा कारोबार
मोहर्रम पर बाबजी नगर, मसाकिन सैफिया, नूरानी नगर, बोहरा बाखल, सियागंज, अल अकमर मोहल्ला, हैदरी टाउनशिप, न्यू सैफीनगर, छावनी, राऊ, बद्रीबाग सहित अन्य मस्जिदों व मरकजों पर करबला में तीन दिन के भूखे-प्यासे इमाम हुसैन और 72 जानिसार साथियों की शहादत पर मोहर्रम के अशारा मुबारका की नौ दिनी वाअज होगी। इस दौरान समाजजन नौ दिन तक अपना कारोबार संपूर्ण रूप से बंद रखेंगे। शाम को मगरिब की नमाज के बाद सभी मस्जिदों व मरकजों पर मातमी मजलिस होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved