
इन्दौर। कांग्रेस (Congress) द्वारा मुस्लिम समाज (Muslim Brotherhood) की महिलाओं (women) को साधने के लिए कल प्रोजेक्ट एम (Project M) शुरू किया गया है। इस प्रोजेक्ट को प्रदेशभर 160 महिलाओं को लेकर शुरू किया गया है। उल्लेखनीय बात यह है कि प्रदेश के कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और महिला कांग्रेस को भी इस पूरे प्रोजेक्ट से दूर रखा गया है।
प्रदेश में कांग्रेस द्वारा अल्पसंख्यक समाज में अपनी पकड़ को मजबूत करने और घर-घर जाकर महिलाओं तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाने के लिए कल से प्रोजेक्ट एम की शुरुआत की गई है। यह शुरुआत भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा की गई। इसमें प्रदेश के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव सहित किसी को भी शामिल नहीं किया गया। महिलाओं पर केंद्रित प्रोजेक्ट होने के बावजूद महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा, अर्चना जायसवाल और प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया को भी नहीं बुलाया गया। इस प्रोजेक्ट में 160 महिलाओं को शामिल किया गया है, जो इंदौर सहित पूरे प्रदेश से हैं। यह महिलाएं कांग्रेस के किसी धरना, प्रदर्शन और आंदोलन में भाग लेने के लिए नहीं आएंगी। इन महिलाओं का काम घर-घर जाकर अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के बीच कांग्रेस की रीति-नीति की जानकारी देना और उन्हें कांग्रेस के साथ जोड़ने का रहेगा।
कम होते वोट की चिंता
पहले अल्पसंख्यक वर्ग द्वारा जिस तरह से बड़ी संख्या में मतदान केंद्र पर जाकर मतदान किया जाता था, अब वैसी स्थिति नहीं रहती है। इसके साथ ही अब अल्पसंख्यक आबादी के वोट में से एक हिस्सा भाजपा को भी मिलना शुरू हो गया है। इस स्थिति को देखते हुए इस अभियान को शुरू किया गया है।
गुटबाजी का नया दौर शुरू
इस प्रोजेक्ट की लांचिंग के साथ ही कांग्रेस में गुटबाजी का एक नया दौर शुरू हो गया है। महिलाओं का प्रोजेक्ट लॉन्च करने के बावजूद महिलाओं नेताओं को इस प्रोजेक्ट से दूर रखना किसी को भी समझ में नहीं आ रहा है। वर्तमान स्थिति में ऐसा लग रहा है कि यह प्रोजेक्ट केवल प्रदेश अध्यक्ष की जानकारी और उनके निर्देश पर काम करने के लिए शुरू किया गया है। कांग्रेस के किसी अन्य नेता को इस प्रोजेक्ट में सहभागिता करने की स्थिति में नहीं रखा गया है। हालत तो यह है कि इस प्रोजेक्ट में शामिल की गईं 160 महिलाओं की सूची भी प्रदेश के किसी भी अन्य नेता के पास नहीं है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved