इंदौर न्यूज़ (Indore News)

INDORE : पत्नी को लड़ाने वाले कांग्रेसी एक नंबर में भी कम नहीं

टिकट के दावेदार….भाग 2
सभी अपने-अपने नेताओं के बल पर लगे हैं टिकट की आस में
इंदौर। जिस तरह से महिलाओं के लिए आरक्षित हुए वार्डों से चुनाव लड़ाने के लिए भाजपा नेता अपनी पत्नी या घर की किसी महिला सदस्य के लिए जोर लगा रहे हैं, उससे दोगुनी संख्या कांग्रेस में भी है। हालांकि कांग्रेस में टिकट खरीद-फरोख्त के आरोप लगने के बाद संगठन ने सभी के बायोडाटा लेना शुरू कर दिए हैं और उन्हें जिला कमेटी को भेजा जा रहा है।
इसके पहले 1 नंबर विधानसभा के भाजपाई दावेदारों की सूची अग्रिबाण ने प्रकाशित की थी। इस क्षेत्र में वार्ड आरक्षण के चलते कई पुरुष नेताओं के गणित फेल हो गए हैं। वे अब जहां अपनी पत्नियों के भरोसे दावेदारी कर रहे हैं तो वहीं कई नेता अपनी महिला रिश्तेदारों को आगे कर रहे हैंं। वैसे वार्डों में दावेदारों की संख्या तो अधिक है, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के अनुसार 9 महिला वार्डों में कशमकश कर रहे नामों की जानकारी इस प्रकार है।


वार्ड क्रमांक 3
पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित इस वार्ड में 5 दावेदार प्रमुख हैं। राजेश मेवाड़ा अपनी पत्नी संगीता के लिए पूरी ताकत लगाए हुए हैं तो अनिल यादव, रमेश सुरागे और भूपेन्द्र केतके ने भी अपनी पत्नी का नाम आगे बढ़ा रखा है। महिलाओं में यहां राधा पाटीदार हैं।


वार्ड क्रमांक 4
पहले यह वार्ड ओबीसी था, जहां से भाजपा के चंदगीराम यादव पार्षद थे, लेकिन यह वार्ड सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित होने से यहां महिलाओं की कतार तो है, लेकिन कांग्रेस नेता महावीर जैन अपनी पत्नी रितु जैन, विपिन गंगवाल अपनी पत्नी दिव्या गंगवाल तथा पुष्पेन्द्र शुक्ला अपनी पत्नी वंदना के लिए अड़े हुए हैं। टिकट किसे मिलेगा ये भविष्य के गर्त में है, लेकिन इन्होंने यहां से विधायक और महापौर के संभावित उम्मीदवार संजय शुक्ला की परिक्रमा शुरू कर दी है।


वार्ड क्रमांक 5
सामान्य महिला वार्ड होने के कारण यहां दावेदारों की संख्या बढ़ रही है। एनएसयूआई और युवक कांग्रेस में रहे योगेन्द्र मौर्य अपनी पत्नी सीमा का नाम आगे रखे हुए हैं तो यहां से चरित्र शर्मा, प्रदीप दुबे, मुकेश गोयल, सोनू डाबर भी अपनी पत्नी को लड़ाने की आस लिए हुए हैं और इसके लिए क्षेत्र में इन्होंने जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है।


वार्ड क्रमांक 6
यहां से भाजपा के बराबर ही दावेदार हैं, जिनमें आरती हेमंत जाट का नाम आगे है तो राखी राकेश वर्मा भी दावेदारी में लगी हैं। हालांकि दोनों की दावेदारी अपने पति के बल पर ही है। एक अन्य राजेश चौरसिया भी अपनी पत्नी को टिकट देने की मांग कांग्रेस से कर रहे हैं।


वार्ड क्रमांक 7
ओबीसी महिला होने के कारण इस वार्ड में कांग्रेस की सुषमा यादव और नीलम श्रीवास्तव जैसी कार्यकर्ता टिकट मांग रही हैं, लेकिन यहां से प्रेम वर्मा, विजय यादव और चंद्रशेखर यादव भी अपनी पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 8
मुस्लिम बहुल होने के कारण इस वार्ड में मुस्लिम महिला प्रत्याशी को टिकट दिया जाना है। इस वार्ड से सरवर खान टिकट के लिए प्रयास कर रही हैं तो पूर्व पार्षद अनवर दस्तक यहां से अपनी पत्नी को लड़वाना चाह रहे हैं। गुलरेज अली भी अपनी पत्नी के लिए यहां से टिकट मांग रहे हैं।


वार्ड क्रमांक 12
यह वार्ड भी पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। यहां से राजनंदिनी कोमल सोनी टिकट मांग रही हैं, लेकिन यहां से राजनीति करने वाले सुरेश प्रजापत और लखन बरेठा भी अपना दावा मजबूत किए
हुए हैं।
वार्ड क्रमांक 15
इस वार्ड से महिला प्रत्याशी के रूप में विद्या शुक्ला अपना दावा मजबूत किए हुए हैं, लेकिन उनके इस दावे को खोखला करने के लिए कई पुरुष नेताओं ने अपनी पत्नी को वार्ड के कार्यक्रम में भेजना शुरू कर दिया है और उन्हें टिकट दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इनमें अभिमन्यु शुक्ला, स्वप्निल शुक्ला और सुभाष सुसनेर प्रमुख हैं।


वार्ड क्रमांक 16
यहां अभी मजबूती से किसी महिला दावेदार का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन अंशु यादव, रामेश्वर गौर, लोकेश चौहान, बाबूलाल यादव अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारना चाह रहे हैं।

Share:

Next Post

आईएसएल-7 : फातोर्दा में मजबूत मुम्बई सिटी एफसीको चुनौती देगी ईस्ट बंगाल

Fri Jan 22 , 2021
गोवा। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सीजन में 12 मुकाबलों में सिर्फ दो जीत दर्ज करने वाली एससी ईस्ट बंगाल टीम शुक्रवार को फातोर्दा के तिलक मैदान पर टेबल टॉपर मुम्बई इंडियंस से भिड़ेगी और उसका लक्ष्य अजेय क्रम बनाए रखना होगा।  सीजन में पहली बार खेल रही ईस्ट बंगाल टीम ने बेहद […]