
इंदौर। इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध कार से 80 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जो देवास जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने यह रकम जमीन के सौदे से संबंधित होना बताया, लेकिन मौके पर नकदी से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले। संदेह के आधार पर पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी है।
दरअसल, 11 नवंबर को कनाड़िया थाना पुलिस को टीपीएस-05 मेन रोड पर फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में एक संदिग्ध वैगनआर कार दिखाई दी। जिसकी जांच के दौरान कार में तिलोक गामी और मनोज गामी सवार मिले। पूछताछ में बताया गया कि दोनों देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा के निवासी हैं। पुलिस को कार से कुल 80 लाख रुपए नकद मिले। इसमें 500 रुपए के नोटों में 75 लाख, 200 रुपए के नोटों में 2 लाख और 100 रुपए के नोटों में 3 लाख रुपए शामिल हैं। वही पूछताछ में दोनों ने यह रकम सुरेश पटेल निवासी बिचौली से लाना बताया और बरखेड़ा बागली में जमीन का पैसा होने की बात कही। हालांकि, नकदी के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए नियमानुसार 80 लाख रुपए जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved