
विमान तल पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में संभागायुक्त ने दिए निर्देश, पेड़ों की कटाई-छंटाई भी होगी, आग से बचाने के भी विशेष प्रबंध
बर्ड हीटिंग रोकने के लिए एयरपोर्ट पर अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम… पिछले साल 26 मामले हुए थे दर्ज… आवारा कुत्तों को पकड़ने के साथ कचरा होगा साफ
इंदौर। बर्ड हीटिंग (Bird Attack ) यानी विमानों पर पक्षियों के हमले को रोकने के लिए इंदौर एयरपोर्ट (Indore Airport) पर तमाम उपाय आजमाए जाते रहे हैं, जिनमें पटाखों, हूटर से लेकर फायरिंग और पक्षियों का वैज्ञानिक सर्वे करवाना भी शामिल रहा है। कुछ वर्ष पूर्व बर्ड हीटिंग की घटनाएं सामने आई और जून माह में इस तरह की घटनाएं अधिक दर्ज की गई। पिछले साल भी ऐसे 26 मामले सामने आए, जिसके चलते एयर ट्रैफिक सुरक्षा को और कड़ा करने का निर्णय लिया गया। कल भी संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में एयरपोर्ट पर पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक हुई, जिसमें वन्य जीवों के साथ पक्षियों को रोकने के लिए अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था करने के साथ ही इंदौर-पीथमपुर मार्ग पर खुले पड़े कचरे को साफ करवाने और आसपास के पेड़ों की कटाई-छंटाई के साथ आवारा कुत्तों को पकड़ने के भी निर्देश दिए गए।
कुछ समय पूर्व हुई बैठक में एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया था कि गत वर्ष बर्ड हीट की 26 घटनाएं दर्ज की गईं, जो कि सबसे अधिक रही, क्योंकि 2012 में ऐसे 6 मामले सामने आए थे। इसके बाद यह आंकड़ा बढ़ गया। दरअसल एयरपोर्ट के आसपास आबादी क्षेत्र होने के साथ कई व्यवसायिक गतिविधियां भी संचालित होती है। गंदगी, फेंके हुए भोजन के चलते पक्षियों की आवाजाही बढ़ जाती है। कल भी बैठक में यह मामला उठा, जिस पर संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू टीम द्वारा एयर साइड क्षेत्र का निगम के साथ संयुक्त निरीक्षण करें और हर माह की बैठक में किए गए कार्यों की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि विमानों के उड़ान संचालन में वन्य जीवों एवं पक्षियों के रोक हेतु अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अग्नि व पक्षियों की पूर्व सूचना के लिए नियमानुसार सेंसर्स का भी उपयोग करने पर जोर दिए है। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा, एयरपोर्ट निदेशक सुनील मगगीरवार, वन विभाग के अधिकारी अमित सोलंकी, एयरपोर्ट के मैनेजर शफी सैय्यद, स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी डॉ. निर्मला अखण्ड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट इंदौर विमानतल की परिधि में विशेषकर अप्रोच फनल रनवे, बीएसएफ और एयरोड्रम पुलिस स्टेशन के आसपास बड़े हुए पेड़ों की कटाई-छंटाई करें। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि बिजासन टेकरी और आसपास के क्षेत्र में सतत निगरानी की जाए, साथ ही इंदौर-पीथमपुर मार्ग पर खुले में पड़े कचरे की सफाई की जाए। इस कार्य में नगर निगम का सहयोग लिया जाए। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि विमानतल की परिधि और आसपास के क्षेत्रों से नियमित रूप से आवारा श्वानों को पकड़ने का कार्य किया जाए, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विमानतल की फैंसिंग में कहीं कोई दरार या छेद है, तो उसे तत्काल ठीक किया जाए। विमानतल के आसपास के क्षेत्र को आग से बचाने के लिए सुरक्षा के विशेष प्रबंधन किए जाए। पिछले दिनों इंदौर एयरपोर्ट के सोशल मीडिया पर लोगों ने आवारा कुत्तों के फोटो और वीडियो भी अपलोड किए, जिसके चलते स्वच्छ शहर के एयरपोर्ट के दयनीय स्थिति पर सवाल भी खड़े हुए। आवारा कुत्तों की संख्या तो पूरे शहर में लगातार बढ़ती ही रही है। अब एयरपोर्ट और उसके आसपास भी इनकी संख्या बढऩे के चलते निगम को कहा गया है कि वह इन पर आवश्यक कार्रवाई करे। साथ ही आसपास बड़ी संख्या में कॉलोनियां हैं, जहां पर मांस-मछली की दुकानों के साथ होटल, रेस्टोरेंट भी हैं, जिसके चलते जो झूठन, गंदगी और यहां तक कि फल वाले पेड़ों के चलते भी पक्षी आकर्षित होते हैं और आसपास ही उन्होंने अपना बसेरा भी कर रखा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, कई मौकों पर उड़ानों को इसी कारण पूर्व में निरस्त भी करना पड़ा है और बर्ड हीटिंग का खतरा बना रहता है।