
अब सडक़ों के कई हिस्से उखड़वाकर नए बनवाएंगे… ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाएंगे
इन्दौर। पिछले दिनों रतलाम कोठी ( Ratlam Kothi ) के अलग-अलग हिस्सों में बनी नई सडक़ (New roads) और स्कीम 54 विजयनगर में नई सडक़ कुछ ही महीनों में उखडऩे के मामले को लेकर मौक पर मोबाइल टेस्टिंग लैब (Mobile Testing Lab) भेजकर सैम्पल लिए गए थे और जांच में सडक़ निर्माण कार्य घटिया होने की पुष्टि होने के बाद अब संबंधित एजेंसियों को निगम द्वारा नोटिस थमाए गए हैं। दोनों ही स्थानों पर नई सडक़ का निर्माण कार्य उसी एजेंसी की मदद से फिर करवाया जाएगा और साथ ही उस पर जुर्माना भी लगाएंगे। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर में जनसहयोग से बन रही 8 करोड़ की सडक़ की भी जांच चल रही है, जिसकी रिपोर्ट आने वाली दिनों में मिलेगी।
करीब 60 लाख रुपए की लागत से नगर निगम ने कुछ महीनों पहले झोन अध्यक्ष और क्षेत्रीय पार्षद पूजा पाटीदार के वार्ड स्कीम 54 विजयनगर क्षेत्र में कई हिस्सों में सडक़ों का निर्माण कार्य कराया था और कुछ ही महीनों में वह सडक़ पूरी तरह उखड़ गई तो इसकी शिकायत पार्षद ने जनकार्य समिति प्रभारी राजेन्द्र राठौर और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल को की थी। इसके बाद वहां से अलग-अलग सैम्पल सडक़ के लिए थे और साथ ही मौके पर निगम की मोबाइल टेस्टिंग लैब भेजकर सडक़ निर्माण के सैम्पल लिए गए थे। एमआईसी मेंबर राठौर के मुताबिक सैम्पलों की जांच रिपोर्ट में सडक़ निर्माण कार्य घटिया पाया गया और उसमें सही मात्रा में आवश्यक सामग्रियों का मिश्रण नहीं किया गया था। उनके मुताबिक इसी के चलते अब वहां सडक़ निर्माण करने वाली एजेंसी को नोटिस भेजे गए हैं और निर्देश दिए गए हैं कि वापस से उसी स्थान पर नई सडक़ का निर्माण करें, साथ ही एजेंसी पर जुर्माना लगाने की भी तैयारी है। इसके अलावा रतलाम कोठी के अलग-अलग सेक्टरों में सडक़ निर्माण कार्य शुरू कराए गए थे। 65 लाख की लागत से बन रही एक सडक़ का सैम्पल भी जांच में घटिया निकला है और सडक़ कई हिस्सों में निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखडऩे लगी। इसके चलते वहां भी काम कर रही एजेंसी को नोटिस दिए गए हैं। जिन स्थानों पर घटिया निर्माण कार्य हुए हैं, वहां पूर्व की सडक़ों को उखड़वाकर फिर से नई सडक़ का निर्माण उन्हीं एजेंसियों की मदद से करवाया जाएगा और साथ ही घटिया निर्माण को लेकर उन पर कार्रवाई भी की जाएगी। ट्रांसपोर्ट नगर में भी जनसहयोग से बनाई जा रही 8 करोड़ की सडक़ को लेकर क्षेत्रीय रहवसियों और दुकानदारों की शिकायतों के बाद वहां भी सैम्पल लिए गए थे, लेकिन उसकी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved