
इससे पहले भी वहां जमा अटाला हटाने में एक माह लग गया था, लेकिन फिर से भंगार का ढेर लगना शुरू
इन्दौर। कुछ महीनों पहले ही नेहरू पार्क (Nehru Park) की सफाई कर वहां से बड़े पैमाने पर अटाला (garbage) हटाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड (Trenching Ground) भेजा गया था, लेकिन थोड़े ही दिनों में वहां स्वच्छता सर्वेक्षण के चलते फिर से अलग-अलग हिस्सों में भंगार जमा होना शुरू हो गया है। पिछले 15 दिनों में वहां अलग-अलग हिस्सों में शहरभर के झोनलों और अन्य कार्यालयों से अटाला हटाकर नेहरू पार्क भेजा जा रहा है।
नगर निगम के गोडाउनों की हालत खस्ताहाल है। वहां पहले से ही जमा भंगार के कारण आसपास के रहवासियों की शिकयतें निगम अफसरों तक पहुंच रही है। राजकुमार ब्रिज के नीचे बने गोदाम का अटाला सडक़ों तक फिर जमा होने लगा है। निगम के कई खटारा वाहन झोनलों पर पटक दिए थे, जो स्वच्छता सर्वेक्षण के चलते वहां से हटाकर नेहरू पार्क भेजे जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से नेहरू पार्क में फिर से भंगार सामग्री अलग-अलग हिस्सों में रखी जा रही है। कई गाडिय़ों के कलपुर्जे से लेकर पुराने लीटरबिन और कई अन्य सामग्री का वहां ढेर लग गया है। पहले निगम के अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए थे कि वे अपने यहां का समस्त अनुपयोगी सामान ट्रेंचिंग ग्राउंड या ट्रीटमेंट प्लांट के आसपास पटके, लेकिन कई झोनलों से सामग्री सीधे नेहरू पार्क भेज दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved