इंदौर न्यूज़ (Indore News) बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

देश में IT का अगला डेस्टिनेशन इंदौर – CM शिवराज सिंह चौहान

इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में आई.टी. का अगला डेस्टीनेशन इंदौर होगा। स्वच्छता और कार्य के बेहतर वातावरण को हमने ब्रांड के रूप में स्थापित किया है। उद्योग और निवेश की सुगम प्रक्रियाएं, सहयोगी और उत्साहवर्धक व्यवहार तथा बेहतर कनेक्टिविटी व पर्याप्त इन्फ्रास्ट्रक्चर सभी क्षेत्रों में निवेश के लिए प्रदेश को उपयुक्त बनाता है। मुख्यमंत्री चौहान ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले उद्योगपतियों और निवेशकों से वन टू वन चर्चा में यह बात कही। मुख्यमंत्री चौहान से डालमिया भारत समूह के पुनीत डालमिया, गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज, अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी, टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा, आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी, एक्ससेंचर की सुरेखा मेनन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर. मेसवानी ने ब्रिलिंयट कन्वेंशन सेंटर में भेंट की। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह उपस्थित थे।

डालमिया भारत समूह प्रदेश में लगाएगा सीमेंट प्लांट
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में डालमिया भारत समूह के पुनीत डालमिया ने प्रदेश में सीमेंट प्लांट लगाने तथा स्वस्थ कार्बन साइकिल विकसित करने के लिए प्रदेश के वेस्ट लैंड पर वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने संबंधी प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निवेश में इस प्रकार के नवाचारों का प्रदेश में स्वागत है।

मुख्यमंत्री से मिले नादिर गोदरेज
मुख्यमंत्री चौहान से भेंट में गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज ने प्रदेश में बढ़ रहे शहरीकरण को देखते हुए रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश की इच्छा व्यक्त की। इसके साथ ही एग्रो केमिकल उद्योग लगाने की योजना के संबंध में जानकारी दी। गोदरेज ने कहा कि उनका समूह मालनपुर स्थित इकाई का विस्तार कर रहा है। समूह सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में गतिविधियों को बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश की लगातार बढ़ रही प्रति व्यक्ति आय से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही है।

अडानी समूह की प्रदेश में 60 हजार करोड़ के निवेश की योजना
मुख्यमंत्री चौहान से वन टू वन चर्चा में अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी ने कहा कि उनके समूह की प्रदेश में खनिज, उर्जा, कृषि, नवकरणीय ऊर्जा और कोयले के क्षेत्र में 60 हजार करोड़ के निवेश की योजना है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के संबंध में चर्चा के दौरान अडानी ने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है। समूह अपनी आवश्यकताओं के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए राज्य में कौशल उन्नयन की गतिविधियां संचालित करेगा। समूह का राज्य में अस्पताल स्थापित करने का भी विचार है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाईयां लगाने की संभावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया़।


मुख्यमंत्री चौहान से मिले नोएल टाटा
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा ने कहा कि उनका समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा। प्रदेश में समूह अपने रिटेल आउटलेट जूडियो की संख्या भी बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश से समूह की निर्यात गतिविधियों को बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

आईटीसी ग्रुप करेगा 1500 करोड़ का निवेश : प्रदेश में स्थापित होंगे 1000 एफपीओ
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी ने कहा कि निवेश आमंत्रित करने के क्षेत्र में मध्यप्रदेश अन्य राज्य की तुलना में अधिक सक्रिय है। इंदौर में विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया है। संजीव पुरी ने कहा कि प्रदेश में आईटीसी द्वारा 300 एफपीओ संचालित किए जा रहे हैं। इनका विस्तार कर 1000 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य है, इसमें 1500 करोड़ का निवेश होगा। आईटीसी समूह प्रदेश में पैकेजिंग और खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने जा रहा है। पैकेजिंग इकाई इस वर्ष के अंत तक आरंभ हो जाएगी। समूह सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित कर रहा है। इसके प्रसंस्करण पर आधारित इकाई भी प्रदेश में स्थापित की जाएगी। किसानों को फसल लेने, बिक्री आदि के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए आईटीसी मार्ट का भी विस्तार किया जा रहा है।

एक्ससेंचर ग्रुप की रेखा मेनन ने प्रदेश की आई.टी. नीति को बताया उपयोगी
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में एक्ससेंचर की सुरेखा मेनन ने मध्यप्रदेश की आई.टी. नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति आई.टी. इंडस्ट्री के लिए बहुत उपयोगी और मित्रवत है। इंदौर में कार्य का उपयुक्त वातावरण है। अत: इंदौर निरंतर आई.टी. प्रोफेशनल्स का केन्द्र बनता जा रहा है। एक्ससेंचर ने इंदौर में 06 महीने पहले ही कार्य आरभ किया है, जहाँ 1400 लोग कार्य कर रहे हैं। समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा।

रिलायंस ग्रुप संपूर्ण प्रदेश में 5जी सुविधा का करेगा विस्तार
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि सेवा क्षेत्र में निवेश से आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। अत: रिलायंस समूह संपूर्ण प्रदेश में तहसील स्तर तक इस वर्ष के अंत तक 5जी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। समूह द्वारा प्रदेश में 175 पेट्रोल पम्प संचालित किए जा रहे हैं, इस संख्या को भी दुगुना किया जाएगा। रिलायंस समूह सौर ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का इच्छुक है। इसके लिए चंबल क्षेत्र में आवश्यक सर्वे व अध्ययन जारी है। समूह प्रदेश में टेक्सटाइल की संपूर्ण प्रोसेसिंग इकाईयों की स्थापना की दिशा में भी निवेश का इच्छुक है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है और उद्योगपतियों तथा निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।

Share:

Next Post

WhatsApp पर Forward करते हैं फोटो और वीडियो तो जान लीजिए ये फीचर, आएगा काम

Wed Jan 11 , 2023
डेस्क: इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप यूजर्स की सुविधा के लिए लेटेस्ट फीचर लेकर आया है. इस फीचर में यूजर फोटो और वीडियो पर कैप्शन लगा कर भेज सकता है. WhatsApp के लेटेस्ट फीचर में Forward Media with Caption की घोषणा की गई है. इस फीचर की शुरुआत Android यूजर्स के लिए की गई है. रिपोर्ट […]