
वॉशिंगटन. अमेरिका-ईरान (Iran-US) की बीच शांति समझौते (Peace agreements) पर सहमति बन गई है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इसके ऐलान किया है. इसके साथ ही ट्रंप ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज को दुनिया भर के व्यापारिक जहाजों के लिए पूरी तरह से खोलने और अमेरिकी नौसेना द्वारा की गई नाकाबंदी को भी हटाने की घोषणा कर दी है. ट्रंप ने डील का ऐलान करते हुए ट्रुथ सोशल पर लिखा, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है. मैं सभी को बधाई देता हूं!
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, डील के साथ ही मैं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को बिना किसी रोक-टोक के खोलने और साथ ही, अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने की मंजूरी देता हूं. दुनिया भर के जहाज़ों, अपने इंजन चालू करो. तेल की सप्लाई शुरू होने दो!
अगले हफ्ते साइन होगी डील: ट्रंप
ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर अगले शुक्रवार को साइन होने की बात कही है. उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘ये शानदार डील पूरे इलाके में शांति और सुरक्षा लाएगी. कई राष्ट्रपतियों ने ईरान के साथ शांति बनाने की कोशिश की है और मुझसे पहले सभी नाकाम रहे हैं. इलाके के नेताओं को पहली बार ऐसा राष्ट्रपति मिला है जो उन्हें असली शांति पाने में मदद कर सकता है. शुक्रवार को डील पर साइन होने के बाद स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) के खुलने और बारूदी सुरंगें हटाने के काम से, इलाके और दुनिया के लिए दोनों तरफ से फिर से तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी!’
हालांकि, ईरान की ओर से इस शांति समझौते पर अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ईरान की समाचार एजेंसी ‘फ़ार्स’ का कहना है कि जल्द ही सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की ओर से अमेरिका के साथ सीजफायर समझौते के बारे में आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा. एजेंसी का ये भी कहना है कि ये तय किया गया है कि खाड़ी से होने वाले समुद्री यातायात को ईरान, ओमान के साथ मिलकर नियंत्रित करेगा.
MoU पर बनी सहमति: गरीबाबादी
उधर, कानूनी और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के उप विदेश मंत्री डॉ. गरीबाबादी ने पुष्टि की है कि ईरान और अमेरिका के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) को अंतिम रूप दे दिया गया है और शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में इस पर आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर किए जाएंगे. साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ये समझौता दुश्मन के प्रति सक्रिय अविश्वास पर आधारित है. उन्होंने ये भी कहा कि हमने MoU के मसौदे में अपने सभी महत्वपूर्ण मुद्दों शामिल किया है.
‘इजरायल को लेबनान से हटना होगा पीछे’
इससे पहले उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक द्वारा की गई नाकाबंदी का अंत आज रात से शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही लेबनान समेत कई मोर्चों पर सैन्य ऑपरेशन तुरंत और हमेशा के लिए थम जाएंगे. उप विदेश मंत्री के अनुसार, बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहे ईरान की मुख्य शर्तों में से एक शर्त ये थी कि इजरायल को हर हाल में दक्षिणी लेबनान से पूरी तरह बाहर निकलना होगा. वहीं, ईरान की शीर्ष सैन्य कमान ने गर्व से कहा कि देश ने अमेरिका को झुकने पर मजबूर कर दिया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved