इंदौर न्यूज़ (Indore News)

ठंड ने नहीं गर्मी ने बनाया रिकार्ड, पिछले 10 सालों में से 2 का रिकार्ड कल टूटा

  • पारा पहली बार पहुंचा 32.6 डिग्री पर, ये 2014 और 2020 में दर्ज सर्वाधिक तापमान से भी ज्यादा, एक ही दिन में तापमान में 4.4 डिग्री की उछाल

इंन्दौर। फरवरी के नाम शहर में सीजन की सबसे ज्यादा ठंड का रिकार्ड दर्ज है, लेकिन इस बार फरवरी ठंड का नहीं गर्मी का रिकार्ड बना रही है। कल दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा, जो सीजन में सबसे ज्यादा होने के साथ ही फरवरी में पिछले 10 सालों में से 2 सालों के सबसे ज्यादा तापमान से भी ज्यादा था। इस तरह कल 10 सालों में से 2 सालों का रिकार्ड टूट गया। मौसम विभाग ने आज भी तेज गर्मी की संभावना जताई है।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 4.4 डिग्री ज्यादा था। यानि एक ही दिन में तापमान में 4.4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 3 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 0.6 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी रहा और इनकी अधिकतम गति 13 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बादल छंटने से धूप का असर बढ़ा और हवाओं की दिशा भी उत्तरी से बदलकर दक्षिण-पश्चिमी हो जाने से तापमान में उछाल आया है। आज भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

2014 और 2020 का रिकार्ड टूटा
मौसम विभाग के अनुसार कल दर्ज अधिकतम तापमान ने पिछले 10 सालों में से 2 सालों का रिकार्ड तोड़ा है। कल दर्ज अधिकतम तापमान 2014 में 7 फरवरी को दर्ज सर्वाधिक तापमान 30.7 डिग्री और 2020 में 21 फरवरी को दर्ज सर्वाधिक तापमान 32.5 डिग्री से ज्यादा था। शेष 8 सालों की अपेक्षा इस साल अब भी तापमान कम है।


21 से फिर गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तापमान में उछाल देखने को मिलेगा, वहीं 21 फरवरी से एक बार फिर तापमान में गिरावट नजर आएगी, जो 25 फरवरी तक बरकरार रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक जाने का अनुमान है। ऐसा उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से होगा।

1929 सबसे ठंडा और 2006 रहा सबसे गर्म
फरवरी में इतिहास में दर्ज सबसे कम और सबसे ज्यादा तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान का रिकार्ड अब से 95 साल पहले 1 फरवरी 1929 को न्यूनतम तापमान माइनस (-) 2.8 डिग्री तक पहुंच गया था, जो इतिहास में दर्ज फरवरी का अब तक का सबसे कम तापमान है, वहीं अब से 18 साल पहले 2006 में 22 फरवरी को दिन का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री पहुंचा था, जो अब फरवरी में दर्ज अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है।

सबसे कम और सबसे ज्यादा तापमान
फरवरी माह में पिछले 10 सालों की बात करें तो इस दौरान काफी ठंड और गर्मी दोनों रिकार्ड हुई है। पिछले 10 सालों में सबसे कम तापमान 2019 में 7.4 डिग्री के रूप में 8 फरवरी को दर्ज हुआ है, वहीं खास बात यह है कि सबसे ज्यादा तापमान भी इसी साल यानि 2019 में 35 डिग्री के रूप में 22 फरवरी को दर्ज किया गया था।

एक नजर पिछले 10 सालों में फरवरी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर
वष न्यूनतम तारीख अधिकतम तारीख
2014 8.6 18 30.7 7
2015 9 27 34.6 25
2016 10.4 13 34.6 20
2017 9 1 33.5 28
2018 11.4 9 34.5 24
2019 7.4 8 35 22
2020 10.2 9 32.5 21
2021 9.5 1 34.5 28
2022 8.7 4 33.8 23
2023 8.6 2 34.4 21
2024 12.1 8 32.6 17

Share:

Next Post

नाथ के झटके के साथ मनीष का भी फटका

Sun Feb 18 , 2024
तार-तार हुई कांग्रेस को एक और झटका… मनीष तिवारी भी जाएंगे भाजपा में इंदौर। लोकसभा चुनाव से पहले तार-तार हो रही कांग्रेस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की पटकथा लिखी जा चुकी है। संभवत: वे आज शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन […]