
सभी एसडीएम को बनाया नोडल अधिकारी, पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग भी होगी, प्रदर्शनी, रांगोली, रैली सहित कई तरह के आयोजन
इंदौर। प्रदेश (MP) में हर घर तिरंगा (‘Har Ghar Tiranga’) अभियान मुख्यमंत्री (CM) डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) के निर्देश पर 9 से 17 अगस्त तक जन भागीदारी के साथ चलाया जाएगा और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने के जश्र को भी इस अभियान के साथ जोड़ा गया है। सभी जिलों में तिरंगे की थीम पर प्रदर्शनी, मेला, कंसर्ट, ई-बाइक, साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा सहित अन्य गतिविधियां भी होंगी और इंदौर में तिरंगा यात्रा के साथ-साथ जन विश्वास अभियान भी चलेगा, जिसके निर्देश कल कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए और सभी एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत आदेश जारी करते हुए 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जिले के नगर निगम, नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त (शुक्रवार) को जनपद पंचायत महू के अम्बाचंदन से होगा। इस अवसर पर शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 अगस्त को नगर निगम इंदौर के जोन क्रमांक-15 में शिविर होगा। इसी तरह 21 अगस्त को जनपद पंचायत सांवेर के लसूड़िया परमार, 11 सितंबर को नगर परिषद गौतमपुरा, 18 सितंबर को जनपद पंचायत महू के कांकरिया, 25 सितम्बर को इंदौर नगर निगम के जोन क्रमांक-6 सहित विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक जिले के सभी निर्धारित क्षेत्रों में संचालित होगा। अभियान के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। यदि किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा राज्य स्तर के निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी तो ऐसे प्रकरणों का संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved