इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इस साल जनवरी रहा 10 सालों में सबसे गर्म

  • एक बार भी पारा 9 डिग्री के नीचे नहीं गया, 89 साल पहले इंदौर में तापमान पहुंचा था 1.1 डिग्री

इंदौर। इस साल जनवरी का महीना पिछले 10 सालों में सबसे गर्म महीना रहा। जनवरी में एक बार भी तापमान 9 डिग्री के नीचे नहीं पहुंचा, जो पिछले सालों की तुलना में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान है। कुछ दिन ठंड का असर जरूर रहा, लेकिन ज्यादातर समय मध्यम ठंड ही बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर में जनवरी सबसे ज्यादा ठंड वाला महीना माना जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। इस मौसम में जरूर सबसे कम न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के रूप में 21 जनवरी की रात को दर्ज हुआ, लेकिन कभी भी इससे नीचे तापमान नहीं गया। जबकि जनवरी में इंदौर में ठंड के बड़े रिकार्ड तक बने हैं। अब से 89 साल पहले 16 जनवरी 1935 को इंदौर में तापमान गिरकर माइनस 1.1 डिग्री पर पहुंच गया था, जो इतिहास में जनवरी का सबसे कम तापमान है।

पिछले 10 सालों में 2019 रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 10 सालों में 2019 सबसे ज्यादा ठंडा रहा है। 29 जनवरी 2019 को तापमान गिरकर 5.6 डिग्री पर पहुंचा था, जो 10 सालों का सबसे कम तापमान है। वहीं 2024 के पहले 2018 में दिसंबर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के रूप में दर्ज हुआ था, जो पिछले 10 सालों का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान था, लेकिन इस साल न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक ही पहुंचा। पिछले साल न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री तक 4 जनवरी को पहुंचा था।


कमजोर रहे पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत में भी नहीं हुई बर्फबारी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल जनवरी में पूरे देश में भी ठंड का असर कम रहा। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभों के कारण अच्छी ठंड पड़ती है, जिसका असर मध्य भारत तक नजर आता है, लेकिन इस साल ये कमजोर रहे। इसके कारण जनवरी में उत्तर भारत में बर्फबारी भी देखने को नहीं मिली। जेट स्ट्रीम के कारण जरूर तापमान में कमी आई, लेकिन यह उतनी नहीं थी।

दिन का पारा कम, रात का ज्यादा
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.2 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 0.6 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी रही और इनकी अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

एक नजर 10 सालों में जनवरी के सबसे कम तापमान पर वर्ष तापमान तारीख
2014 6.7 11
2015 6.9 6
2016 7.3 23
2017 6.3 13
2018 8 3
2019 5.6 29
2020 7.1 10
2021 7.2 29
2022 6.4 28
2023 7.3 4
2024 9 21
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)

Share:

Next Post

13 साल के मृत भाई को न्याय दिलाने पहुंची बहन, सबूतों की कमी... आरोपी को कोर्ट ने किया बरी

Wed Jan 31 , 2024
इंदौर। डकाच्या (Dakachya) में मेडिकल स्टोर (medical store) चलाने वाले दो परिवारों का मनमुटाव एक बच्चे की जान लेकर भी नहीं थमा। 13 साल के मृत भाई (dead brother) को न्याय दिलाने पहुंची बहन ने बताया कि सबूतों की कमी के कारण तीनों आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है, लेकिन जिस भाई की […]