बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

केंद्रीय कैबिनेट में ज्योतिरादित्य सिंधिया की एंट्री तय, दिया जाएगा ये महत्वपूर्ण विभाग

भोपाल। राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को जल्द ही केंद्रीय कैबिनेट में एंट्री मिलना करीब-करीब तय है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं जिसमें सिंधिया को भी जगह दी जाएगी। संभावना है कि उन्हें रेल या मानव संसाधन जैसा महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है।

सिंधिया-समर्थक एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि मोदी कैबिनेट का इसी महीने विस्तार होने वाला है। इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया को शामिल किया जाना लगभग तय है। उन्होंने दावा किया कि सिंधिया को रेल मंत्रालय मिल सकता है। एक्टिव मंत्री की उनकी छवि को देखते हुए सिंधिया को मानव संसाधन या शहरी विकास मंत्रालय भी दिया जा सकता है। करीब 15 महीने पहले सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामा था। उनके दलबदल से मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री बने और सिंधिया-समर्थक विधायकों को अपनी कैबिनेट में शामिल किया था। तभी से सिंधिया को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की चर्चाएं भी चल रही हैं।


मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बाद केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की तैयारी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक की है।माना जा रहा है कि फेरबदल में कुछ युवा चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। सिंधिया के साथ दो पूर्व मुख्यमंत्रियों- महाराष्ट्र के देवेंद्र फड़नवीस और असम के सर्वानंद सोनोवाल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलना करीब-करीब तय माना जा रहा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया इससे पहले दो बार केंद्रीय कैबिनेट का हिस्सा रह चुके हैं। मनमोहन सिंह की कैबिनेट में उन्हें साल 2007 में पहली बार केंद्रीय सूचना और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री बनाया गया था। 2009 में उन्हें वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में फिर से कैबिनेट में जगह मिली थी। ज्योतिरादित्य के पिता माधवराव सिंधिया भी केंद्रीय कैबिनेट में रेल और मानव संसाधन मंत्री रहे थे। माधवराव 1986 से 1989 तक राजीव गांधी की कैबिनेट में रेल मंत्री रहे थे। 1995-96 में पी वी नरसिम्हा राव की कैबिनेट में मानव संसाधन विकास मंत्री बनाया गया था।

Share:

Next Post

बीजेपी विधायक ने कहा- नेहरू थे बुजदिल, वरना आजादी के बाद ही हिंदू राष्ट्र बन गया होता भारत

Sun Jun 13 , 2021
बलिया। बलिया ( Balia) जिले के बैरिया क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह (Surendra Singh) ने कांग्रेस को देश विभाजन के लिए जिम्मेदार ठहराया है। सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को दावा कर कहा कि पंडित नेहरू (Pandit Nehru) बुजदिल थे, वरना आजादी मिलने के बाद ही भारत हिंदू राष्ट्र घोषित हो गया होता। शनिवार को […]