ब्‍लॉगर

खेलो इंडिया का प्रगति पथ

– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले कार्यकाल में खेलो इंडिया अभियान का शुभारंभ किया। इसके अंतर्गत अनेक प्रकार के कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। इसका सकारात्मक परिणाम हुआ। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता इसका प्रमाण है। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया था।

मीराबाई चानू का जन्म मणिपुर के सुदूर ग्रामीण अंचल के निर्धन परिवार में हुआ था। उनमें खेल व भारोत्तोलन के प्रति जज्बा था। उनकी प्रतिभा को देखते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उनको प्रोत्साहन व सहायता दी। मीराबाई ने बताया कि स्वयं नरेंद्र मोदी सरकार ने उनको प्रशिक्षण हेतु अमेरिका भेजने का निर्णय लिया था। इसके दृष्टिगत एक दिन में ही अमेरिका जाने की औपचारिकताओं को पूरा किया गया। मीराबाई चानू को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इसके पहले नरेंद्र मोदी सरकार ने उनको पद्मश्री सम्मान देकर सम्मानित किया था। इससे भी उनका उत्साहवर्धन हुआ था। टोक्यो ओलंपिक में रवाना होने से पहले नरेंद्र मोदी ने प्रतिभागियों से वर्चुअल संवाद किया था। उनका उत्साह बढ़ाया था। उनको शुभकामना दी थी। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद किया था। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया था।

खेलो इंडिया अभियान से भी देश व उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कोरोना महामारी के बावजूद दुनिया के खेल के महाकुम्भ टोक्यो ओलम्पिक में विश्व के सभी प्रतिष्ठित खिलाड़ी एकत्र हुए हैं। यह उनकी खेल के प्रति प्रतिबद्धता एवं लगाव को प्रदर्शित करता है। भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में विभिन्न इवेण्ट का आयोजन व्यापक जनसमर्थन के साथ किया जा रहा है। पूरा देश अपने खिलाड़ियों का समर्थन कर रहा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभाग करने हेतु इस बार देश की तरफ से खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल भेजा गया है। खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री ने खेलो इण्डिया अभियान को गांव गांव तक पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री के प्रेरणा से प्रदेश सरकार द्वारा युवा ऊर्जा के लिए गांव-गांव में स्टेडियम,ओपन जिम, व्यायामशालाओं का निर्माण किया जा रहा है।

खेल की गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों का गठन किया गया है। विगत चार वर्षों के दौरान मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट भी उपलब्ध करायी गई हैं। इससे गांव-गांव में खेल के प्रति एक नई अभिरुचि जागृत हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ओपेन जिम का निर्माण इस दिशा में एक अच्छा प्रयास है। खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना का निर्णय लिया है। हमारा युवा अनेक सम्भावनाओं से भरपूर है। उन्हें जब इस प्रकार की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। देश में खेलों को बढावा देने और नई प्रतिभाओं को तलाशने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा राजीव गांधी खेल योजना, शहरी खेल संरचना योजना और प्रतिभा खोज योजना को मिलाकर इनके स्थान पर खेलो इंडिया योजना पेश की गई थी।

इस खेल कार्यक्रम को व्यक्तिगत विकास, सामुदायिक विकास, आर्थिक विकास और राष्ट्रीय विकास के लिए एक उपकरण के रूप में स्थापित किया गया है। इसमें अखिल भारत स्तरीय स्पोर्ट छात्रवृत्ति योजना भी शामिल है। इस योजना के तहत चुने गए हर एथलीट को सलाना तौर पर पांच लाख रुपये की छात्रवृत्ति आठ साल तक लगातार मिलेगी। बीस करोड़ बच्चों को राष्ट्रीय शारीरिक फिटनेस अभियान में शामिल किया गया। खेलो इंडिया कार्यक्रम योजना के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एथलेटिक्स ट्रैक,हॉकी और फुटबॉल ग्राउंड,तरणताल सहित बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। सरकार ने खेलो इंडिया योजना को 2025- 26 तक के लिये बढ़ा दिया है। भारत ने टोक्यो में कुल सात पदक जीते। भारत सन 1900 से ओलंपिक में हिस्सा ले रहा है। इसके बाद से पहली बार है जब टीम ने एक ओलंपिक में सबसे ज्यादा पदक जीते हैं। इससे पहले भारत ने 2012 के लंदन ओलंपिक में 6 पदक जीते थे। आठ साल बाद कुश्ती में दो पदक जीते।

तेरह साल बाद ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता। 121 साल में पहली बार किसी भारतीय ने एथलेटिक्स में पदक जीता है। वह ब्रिटिश शासन का दौर था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी खिलाड़ियों का खूब उत्साहवर्धन किया। नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक विजेताओं के सम्मान में लाल किले की प्राचीर से तालियां बजवाई थीं। उन्होंने कहा था कि इसबार इन युवा खिलाड़ियों ने ओलंपिक में मेडल जीतकर सिर्फ दिल नहीं जीता,बल्कि नई पीढ़ी को खेल के प्रति प्रेरित किया है। इस युवा पीढ़ी ने भारत का नाम रोशन किया है। नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों के साथ अपने आवास पर मुलाकात की। उन्होंने एथलीटों को उनके शानदार प्रदर्शन को लेकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों से किया वादा भी निभाया।

इधर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टोक्यो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाने वाली खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर आनंदीबेन पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक लाकर देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का अभिनन्दन किया जाना सराहनीय है। टोक्यो ओलम्पिक में देश व प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि नवाबों का शहर लखनऊ आज ओलम्पिक के नवाबों का स्वागत कर रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों के साथ ही, प्रशिक्षकों, चिकित्सकों सहित खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ को सम्मानित कर उल्लेखनीय कार्य किया गया है।

(लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

Share:

Next Post

बुमराह की गेंदों की रफ्तार देख हैरान हो गए थे एंडरसन, कई बार हुई थी नोकझोंक

Sat Aug 21 , 2021
  नई दिल्ली। भारत (India) और इंग्लैंड (England) के बीच लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट सीरीज (Test Series) के दूसरे मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार नोकझोंक हुई. इसकी शुरुआत खेल के तीसरे दिन से हुई. दिन का खेल खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम की […]