भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कुशवाहा समाज कल्याण बोर्ड बनेगा, अध्यक्ष को मिलेगा मंत्री दर्जा

  • मुख्यमंत्री ने की घोषणा, लव-कुश मंदिर और धर्मशाला निर्माण के लिए 10 करोड़ राशि स्वीकृत करने की घोषणा

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सागर में कुशवाहा समाज के संभागीय सम्मेलन में 10 करोड़ रूपये की लागत से लव कुश मंदिर और धर्मशाला निर्माण की घोषणा की। मंदिर के लिए 5 करोड़ और धर्मशाला के लिए 5 करोड़ रूपये राज्य सरकार द्वारा दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्थल चयन के लिए कुशवाहा समाज को जिम्मेदारी सौपी। जो स्थान चयनित होगा, उसी स्थल पर एक छात्रावास भी बनेगा। साथ ही मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश में कुशवाहा समाज कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बोर्ड के अध्यक्ष को मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान आज सागर में अखिल भारतीय कुशवाहा समाज के संभाग स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह शामिल हुए।



मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ऐसे युवा जिनको पढ़ाई के बाद रोजगार उपलब्ध नहीं हुआ है, उनको काम सीखने के लिए स्थान तय किए जा रहे है, जिससे वे कार्य सीख कर किसी उद्योग-धंधे में लग सके। काम सीखने के दौरान उन्हें 8 हजार रूपये प्रतिमाह दिया जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने सागर जिले के लिए 865 करोड़ 91 लाख रूपये की 3 नल-जल योजनाओं का भूमि-पूजन किया। नल-जल समूह योजना से 520 ग्रामों में पाइप लाइन बिछा कर घर-घर पानी पहुँचाया जायेगा। इनमें 202 करोड़ 99 लाख रूपये की सानौधा-मढिय़ा जल-प्रदाय योजना शामिल है, जिसके पूरा होने पर 77 ग्राम लाभान्वित होंगे। सानौधा-बंडा जल-प्रदाय से 56 गाँव के घरों को लाभ मिलेगा। योजना की लागत 166 करोड़ 67 लाख रूपये आयेगी। देवरी-केसली जल-प्रदाय योजना से क्षेत्र के 387 गाँवों को लाभ मिलेगा, जिसकी लागत 496 करोड़ 25 लाख रूपये है।

कुशवाह समाज मेहनती
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कुशवाहा समाज मेहनती और परिश्रमी हैं, जो खून-पसीने की कमाई से अपना जीविकोपार्जन करता है। समाज का इतिहास गौरवशाली है। इस समाज के अनेक साम्राज्य रहे, जिन्होंने सेवा-भावना से कार्य किया और सभी समाजों का कल्याण किया। स्वतंत्रता सग्राम में योगदान देने के साथ ही अंग्रेजों के छक्के भी छुड़ायें। देश सेवा में सर्वस्व न्यौछावर करने में कोई कसर समाज ने नहीं छोड़ी। वास्तव में कुशवाहा समाज देशभक्त समाज है, जिसने अन्य समाजों का कल्याण भी किया है।

Share:

Next Post

दुखदः एक साथ जली 'राम-सीता' और बेटी समेत 5 चिताएं, 'लक्ष्मण' को कुछ भी नहीं पता

Tue May 16 , 2023
धर्मशाला: ‘राम’ और ‘सीता’ की चिता एक साथ जली. उधर, ‘लक्ष्मण’ को उनकी मौत की भी खबर नहीं हैं. ‘लक्ष्मण’ अस्पताल में उपचाराधीन है और उसे नहीं पता कि उसके भईया-भाभी ‘राम-सीता’ और उनकी बेटी तृषा अब इस दुनिया में नहीं हैं. मामला हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला (Dharamshala Truck Accident) से जुड़ा है. यहां पर […]