बड़ी खबर

शाहपुर के बोह घाटी में भू-स्खलन, अब तक तीन लोगों के शव बरामद

– चार लोगों को बचाया गया

धर्मशाला। कांगड़ा जिला में आए जल प्रलय (Water deluge in Kangra district) के बीच धर्मशाला से करीब 45 किलोमीटर दूर शाहपुर उपमंडल के बोह घाटी में भू-स्खलन की घटना (Landslide incident in Boh valley) में अब तक एक महिला सहित तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मरने वालों में एक महिला के अलावा पिता-पुत्र शामिल हैं।

 

मृतकों की पहचान मस्तो देवी पत्नी भीमो राम के अलावा सुभाष खत्री और उनका 30 वर्षीय बेटा शिव प्रसाद के रूप में हुई है। वहीं चार लोगों को अभी तक बचा लिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त और एसपी कांगड़ा भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। घटनास्थल पर एनडीआरएफ सहित अन्य बचाव दल और पुलिस की टीमें राहत व बचाव के काम में जुट गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।


एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि अभी तक मलबे से एक महिला सहित तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस व अन्य बचाव दल की टीमें लोगों को मलबे से बाहर निकालने के लिए प्रयासरत हैं।

उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बोह के रूलेहड़ में भूस्खलन से हुए नुकसान तथा राहत कार्यों का जायजा लेने के उपरांत कहा कि भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसमें चार लोगों को बचा लिया गया है जबकि नौ से 10 लोगों के मरने की आशंका है। वहीं लापता लोगों को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ सहित होमगार्ड और पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया हुआ है। उपायुक्त के साथ पुलिस अधीक्षक भी रूलेहड़ में राहत कार्यों का जायजा लेने के लिए उपस्थित रहे। घटना की वजह भी बादल फटना बताया जा रहा है।

बता दें कि सोमवार को बोह घाटी के रूलेहड़ गांव में भू-स्खलन से करीब आधा दर्जन लोगों के मकान मलबे में दब गए हैं। कुछेक दुकानों के भी दबे होने की सूचना है। इस घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है। दुर्गम क्षेत्र और रात होने के चलते राहत कार्याें में काफी परेशानी हो रही है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

MP विधानसभा का मानसून सत्र 9 अगस्त से, अधिसूचना जारी

Tue Jul 13 , 2021
भोपाल, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आगामी 09 अगस्त (सोमवार) से शुरू होगा। यह चार दिवसीय सत्र 12 अगस्त (गुरुवार) तक चलेगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा अनुमोदित तदाशय की अधिसूचना विधानसभा सचिवालय द्वारा सोमवार को जारी कर दी गयी । विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया […]