टेक्‍नोलॉजी

महिंद्रा XUV700, Thar की डिजाइनर ने Ola से मिलाया हाथ, डिजाइन करेंगी ओला की इलेक्ट्रिक कार


नई दिल्ली। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा (Mahindra) के साथ अपने एक दशक लंबे जुड़ाव को छोड़ने के तुरंत बाद रामकृपा अनंतन (Ramkripa Ananthan) अब इलेक्ट्रिक स्टार्ट अप ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के साथ काम करेंगी। हाल के एक घटनाक्रम के मुताबिक, क्रक्स स्टूडियो (Krux Studio) को चलाने वाली अनंतन, ने भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी से आगामी व्हीकल प्रोजेक्ट की डिजाइनिंग का काम करने के लिए ओला इलेक्ट्रिक के साथ हाथ मिलाया है।

इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में अपनी पैठ बनाने के बाद अब ओला इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की तैयारी में है। अब ओला की इस इलेक्ट्रिक कार को वही टीम डिजाइन करेगी जिसने महिंद्रा का शानदार लुक वाली गाड़ियों में अपना हुनर दिखाया है। ओला की इलेक्ट्रिक कार डिजाइन करने का काम रामकृपा अनंतन के Krux Studio को मिला है। ओला इलेक्ट्रिक ने उसे अपना डिजाइन कंसल्टेंट बनाया है।

अनंतन ने पिछले साल महिंद्रा को छोड़ दिया था। वहां उन्होंने कंपनी की XUV सीरीज को डिजाइन किया था जिसमें 300, 500 और हाल ही में लॉन्च हुई 700 शामिल हैं। इसके अलावा अनंतन ने महिंद्रा की बेस्ट सेलिंग और जबरदस्त लुक वाली Thar को भी डिजाइन किया था।


ओला इलेक्ट्रिक पहले से ही S1 प्रो इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ सफलता की राह पर है। देश के कई हिस्सों से ओला के ई-स्कूटर में कई समस्याओं की खबर मिली है। इसके बावजूद पिछले महीने इसने एक मजबूत बिक्री दर्ज की है और भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर बन गया है।

S1 प्रो स्कूटर को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से उत्साहित, ओला इलेक्ट्रिक अब फुल-इलेक्ट्रिक कार बनाने की अपनी अगली बड़ी योजना की ओर बढ़ रही है। इसके लिए कंपनी ने रामकृपा अनंतन की क्रक्स स्टूडियो के साथ पार्टनरशिप की है। इसके लिए अनंतन को हाल ही में बेंगलुरु में ओला इलेक्ट्रिक के हेड ऑफिस का दौरा करते देखा गया था।

रामकृपा ने महिंद्रा की कई गाड़ियां डिजाइन कीं
रामकृपा अनंतन ने आईआईटी-बंबई के इंडस्ट्रियल डिजाइन सेंटर से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। इस अलावा BITS Pilani से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में भी डिग्री हासिल की है। रामकृपा अनंतन ने एक दशक से ज्याद समय तक महिंद्रा एंड महिंद्रा के लिए काम किया है और भारतीय यूटिलिटी व्हीकल्स (UV) बनाने वाली इस दिग्गज कंपनी के साथ अपने कार्यकाल में कई प्रोजेक्ट्स को पूरा किया। उनके मार्गदर्शन में महिंद्रा की कई UV जैसे TUV300, Marazzo, XUV500, XUV300 और Alturas को डिजाइन किया गया था।

उन्होंने नई XUV700 और दूसरी पीढ़ी के थार की डिजाइन प्रोजेक्ट का भी नेतृत्व किया है। ये एसयूवी अपनी शानदार लुक के कारण हॉट केक की तरह बिक रहे हैं। महिंद्रा की आखिरी परियोजना जिसका नेतृत्व अनंतन ने किया था, वह न्यू जेनरेशन महिंद्रा स्कॉर्पियो है। इस एसयूवी को कुछ समय पहले कैमोफ्लेज (ढंके हुए) रूपों में कई बार देखा गया है और इस साल बाजार में आएगी।

Share:

Next Post

झारखंड में हुए अवैध खनन के मामले में 5 राज्यों के18 स्थानों पर ईडी का धावा

Fri May 6 , 2022
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) (ईडी) ने झारखंड में हुए अवैध खनन मामले में  आज बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड सहित  राजस्थान, हरियाणा, बिहार और पश्चिम बंगाल (Jharkhand, Rajasthan, Haryana, Bihar and West Bengal) में 18 स्थानों पर छापे मारे। झारखंड में हुए अवैध खनन के मामले में आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के रांची […]