
सीहोर। जिले में नए पुलिस अधीक्षक के पदभार संभालने के बाद पुलिस महकमे में लंबे समय से प्रतीक्षित मैदानी स्तर का पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आया है। पुलिस प्रशासन ने थाना प्रभारियों की तबादला सूची जारी करते हुए मंडी, इछावर और रेहटी थानों में नए थाना प्रभारियों की पदस्थापना की है।
फेरबदल के तहत मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मैहर को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। उनकी जगह लंबे समय से पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक अर्चना चौहान को मंडी थाना प्रभारी बनाया गया है। जानकारी के अनुसार जिले में पहली बार अर्चना चौहान को किसी थाने की कमान सौंपी गई है, जिसे पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
इसी क्रम में इछावर और रेहटी थानों के थाना प्रभारियों में भी बदलाव करते हुए नए अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। पुलिस विभाग का मानना है कि इस बदलाव से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ थाना स्तर पर पुलिसिंग में कसावट आएगी।
गौरतलब है कि जिले में मैदानी पुलिस अधिकारियों के स्तर पर यह पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है। इससे पहले बीते दो महीनों में जिले के शीर्ष पुलिस नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण बदलाव हुए थे। पूर्व पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के स्थान पर सोनाक्षी सक्सेना ने जिले की कमान संभाली, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के स्थान पर विदिशा से आए डॉ. प्रशांत चौबे ने पदभार ग्रहण किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद से ही थाना स्तर पर बदलाव की चर्चा तेज थी। अब हुए इस फेरबदल को उसी प्रक्रिया की शुरुआत माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में जिले के कुछ अन्य थानों में भी प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।