
राजगढ़। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के राजगढ़ (Rajgarh) में पचोर-खुजनेर मार्ग पर शनिवार को भीलखेड़ी जोड़ के पास एक कार पुल से फिसलकर नाले में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दोपहर के समय हुई। पचोर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार भीलखेड़ी जोड़ पर बने पुल को पार कर रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और कार सीधे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे बह रहे नाले में जा गिरी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार नाले में पलट गई और पानी में आधी डूब गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने धमाके की आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत 112 को सूचना दी। खुजनेर थाना पुलिस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रस्सियों और जेसीबी की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला।
डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया
लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में किसी के बचने की कोई संभावना नहीं थी। पुलिस को कार से कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिसके आधार पर उनके परिजनों को सूचना गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं और वे किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया
थाना प्रभारी ने बताया, कार बहुत तेज गति में थी। पुल पर मोड़ है और संभव है कि चालक ने संतुलन खो दिया हो। पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के आने के बाद ही आगे की जानकारी मिल पाएगी। एक साथ पांच मौतों की खबर से मातम पसर गया है। जैसे ही घटना की जानकारी फैली, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कार की तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ पाएगी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा तेज रफ्तार, नींद या तकनीकी खराबी के कारण हुआ।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved