
जबलपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दोस्ती कर विदेशी नागरिक बनकर धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधियों ने शहर के एक युवक को अपना नया शिकार बनाया है। अज्ञात साइबर ठग ने खुद को विदेशी डॉक्टर बताते हुए भारत आने और यहां ठहरने का नाटक रचा और युवक से किस्तों में 1 लाख 87 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगी का शिकार हुए धन्वंतरि नगर स्थित सांई कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय गगन केशरवानी ने 13/10/26 को थाना संजीवनी नगर में पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका बैंक खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की धन्वंतरि नगर शाखा में संचालित है और वह नियमित रूप से सोशल मीडिया का उपयोग करता है।
13 ट्रांजेक्शन के जरिए हुई धोखाधड़ी
पीडि़त के अनुसार 24/09/2026 को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से उसकी बातचीत अज्ञात नंबरों 6009350404, 8798167988 और 447587445191 से हुई। संपर्क करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को डॉक्टर शेरोन मॉर्गन के रूप में पेश किया। उसने बातचीत के दौरान युवक को विश्वास में लिया कि वह छुट्टियां बिताने के लिए भारत आ रहा है और यहां पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा। उसने यात्रा और रहने की व्यवस्था करने की बातें बनाकर युवक को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने फ्लाइट टिकट बुक कराने, होटल का किराया जमा करने और अन्य तात्कालिक आवश्यकताओं का बहाना बनाकर अलग-अलग तिथियों में पैसों की मांग शुरू कर दी। जालसाज के झांसे में आकर पीडि़त ने 29/09/26 से 03/10/26 के मध्य कुल 13 बार में 1 लाख 87 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब संपर्क टूटने लगा तब ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी पड़ताल शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved