उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

20 घंटे से जारी है मावठे की बारिश, ठंड में भी तेजी

  • दिन के तापमान में आई 4 डिग्री की गिरावट-रात का तापमान 2 डिग्री से ज्यादा घट गया

उज्जैन। मौसम में आए परिवर्तन तथा मानसून के एक साथ सक्रिय हुए 3 सिस्टमों की बदौलत पिछले 20 घंटों से उज्जैन में मावठे की रिमझिम और तेज बारिश हो रही है। इससे मौसम में ठंड बढ़ गई है और दिन और रात के तापमान गिर गए हैं। आज सुबह से जनजीवन भी अस्त व्यस्त नजर आ रहा था। मौसम विभाग ने 24 घंटे पहले उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर संभाग सहित प्रदेश के कई जिलों में मावठे की बारिश की संभावना जताई थी। इसी के साथ तापमान में गिरावट आने की बात भी कही थी।



वेधशाला अधीक्षक डॉ. आर.पी. गुप्त ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने तथा मानसून के एकसाथ तीन सिस्टम सक्रिय होने के कारण पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी मौसम में बदलाव आया है। अगले 48 घंटे ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री रिकार्ड हुआ था लेकिन कल मावठा शुरु होने के बाद यह घटकर 21 डिग्री पर आ गया था। वहीं कल सुबह न्यूनतम तापमान में भी 17 डिग्री रहा था जो आज घटकर 15 डिग्री पर आ गया है। उन्होंने कहा कि दो दिन और इस तरह का मौसम रहने के बाद जब मौसम साफ होगा तो तापमान में और गिरावट आएगी और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुँच जाएगा। इधर शहर में कल शाम 4 बजे से घने बादल छाने लग गए थे और मावठे की बारिश शुरु हो गई थी। तब से लेकर आज दोपहर तक लगातार 20 घंटे मावठे की रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। आज सुबह हालांकि घना कोहरा भी छाया रहा लेकिन इस दौरान भी बूंदाबांदी हो रही थी। सुबह 10 बजे तक बाजार तक ठीक से नहीं खुले थे। सड़कों पर सन्नाटे जैसी स्थिति थी। कुल मिलाकर मौसम में बदलाव और मावठे की बारिश के कारण आज सुबह से जनजीवन अस्त व्यस्त नजर आ रहा है। मौसम में एक बार फिर सर्दी लौट आई है। दो दिन पहले तक लोगों ने गर्म कपड़े पहनना कम कर दिया था लेकिन आज गर्म कपड़ों के साथ-साथ लोगों को रेनकोट और छतरियों का भी सहारा लेना पड़ रहा है।

Share:

Next Post

लगातार समाचार प्रकाशन के बाद जागे जिम्मेदार, ट्रेचिंग ग्राउंड के रास्ते से हटवाया कचरा

Thu Dec 2 , 2021
नलखेड़ा। नगर के ट्रेचिंग ग्राउंड के हालात व बदइंतजामी को लेकर लगातार समाचार प्रकाशन के बाद बुधवार को जिम्मेदार जागे। बुधवार को ट्रेचिंग ग्राउंड के रास्ते मे पड़े कचरे के ढेर व ट्रेचिंग ग्राउंड के बाहर पड़े कचरे को जेसीबी के माध्यम से हटवाया गया। ट्रेचिंग ग्राउंड के बाहर व अंदर जाने के रास्ते पर […]