img-fluid

ऑनलाइन ठगों का आतंक: तीन लोगों के खातों से उड़ाए 1.47 लाख

November 16, 2026

  • अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से खाली हुए बैंक खाते

जबलपुर। संस्कारधानी में ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह ने आतंक मचा रखा है और आम नागरिकों से लेकर बैंक अधिकारी तक इनके जाल में फंस रहे हैं। शहर के गोरखपुर, भेड़ाघाट और कोतवाली थाना क्षेत्रों में साइबर धोखाधड़ी के तीन बड़े मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में अज्ञात जालसाजों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर आईसीआईसीआई बैंक के डिप्टी मैनेजर अमित कुमार मौर्य, गैलेक्सी अस्पताल के वार्ड बॉय राजकुमार नामदेव और स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी राहुल सिंह ठाकुर के बैंक खातों से कुल 1,47,590 रुपये की राशि पार कर दी। कहीं वाहन बीमा रिन्यूअल का लिंक भेजकर, तो कहीं सोशल मीडिया ऐप और मोबाइल मरम्मत की आड़ में इन वारदातों को अंजाम दिया गया। तीनों थानों की पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच तेज कर दी है।


  • बीमा रिन्यूअल लिंक ने हैक किया मैनेजर का फोन
    गोरखपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने सीधे एक बैंक अधिकारी को ही अपना निशाना बना लिया। मूलत: सिंहपुर रोड शहडोल निवासी 34 वर्षीय अमित कुमार मौर्य वर्तमान में खाटू श्याम मंदिर के पीछे रहते हैं और गुलाटी चौक स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में डिप्टी मैनेजर हैं। उनकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एनके 3898 की बीमा अवधि समाप्त हो चुकी थी। बीती 31 अक्टूबर 2026 को उनके मोबाइल पर बीमा रिन्यूअल से जुड़ा एक संदेश आया, जिसमें व्यू एंड पे चालान लिखा था। गाड़ी का बीमा खत्म होने के कारण उन्होंने इसे संदेश समझकर लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक खुलते ही उनका फोन हैक हो गया और अगले दिन 1 नवंबर 2026 को उनके बैंक खाते से 49,590 कट गए। गोरखपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

    इंस्टाग्राम रील से ऐप डाउनलोड कर गंवाए रुपये
    दूसरी बड़ी घटना भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के चौकीताल निवासी 25 वर्षीय राजकुमार नामदेव के साथ घटित हुई, जो उखरी तिराहा स्थित गैलेक्सी अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साइबर सेल एवं हाईटेक अपराध थाना में शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने गलत पहचान बताकर उनके साथ 64,000 रुपये की ठगी का प्रयास किया और खाते से 61,000 रुपये हड़प लिए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर भेड़ाघाट पुलिस ने राजकुमार के कथन लिए। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर 2026 को इंस्टाग्राम पर रील्स देखते समय स्क्रीन पर जिया चैटिंग ऐप की रील आई, जिस पर क्लिक करते ही वह ऐप फोन में इंस्टॉल हो गया। इसके बाद फोन रुक-रुक कर चलने लगा और 6 नवंबर 2026 को दोपहर 3:58 बजे खाते से 61,000 रुपये कटने का संदेश आ गया। पुलिस ने धारा 318(4), 319(2) और 308 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

    मोबाइल सुधरवाने की प्रक्रिया में लग गई बड़ी सेंध
    तीसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय राहुल सिंह ठाकुर ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गए। बीती 24 अक्टूबर 2026 को उनका मोबाइल फोन अचानक बार-बार बंद होने लगा था। समस्या आने पर वे सबसे पहले घर के पास स्थित गगन शॉप पर मोबाइल दिखाने पहुंचे, जहां दुकानदार ने कंपनी के सर्विस सेंटर जाने की सलाह दी। इसके बाद राहुल लेबर चौक स्थित वीवो कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर गए और अपना फोन ठीक कराया। मोबाइल सुधरने के बाद जब उन्होंने फोन पे ऐप के जरिए विजयनगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा का खाता जांचा, तो उनके होश उड़ गए। उसी दिन 24 अक्टूबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से अज्ञात जालसाज ने उनके खाते से कुल 37,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। कोतवाली पुलिस ने धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved