
मध्य प्रदेश के जबलपुर में गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया. धनवंतरी नगर के जसूजा सिटी फेस-3 स्थित गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया जा रहा था. इसी दौरान पंडाल के पास एक खंभे में आ रहे करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग नावालिग युवक को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जसूजा सिटी फेस-3 में जसूजा टावर के पीछे गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया था. इसी दौरान फ़ेस 3 में रहने बाले कक्षा 11वीं का छात्र शौर्य चनपुरिया अपने दोस्तों के साथ आरती में शामिल होने के लिए आया था. आरती होने के बाद शौर्य अपने दोस्तों के साथ वहां मौजूद था. बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 9 बजे के बीच वह वहां से घर जाने के लिए निकला. इसी दौरान वह मंच के खंभे के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट आ रहा था, करंट लगते ही शौर्य जमीन पर गिर पड़ा.
घटना के चश्मदीद और सौरभ के दोस्त अज्जू अहिरवार ने बताया कि वे सभी मौके पर मौजूद थे. शौर्य कोचिंग से आने के बाद उनके साथ बैठा था. इसी दौरान दोस्त की मां का जन्मदिन होने के कारण वहां भंडारे और अन्य आयोजन की तैयारी चल रही थी. अज्जू ने बताया कि जब वह टेबल उठा रहा था, तभी उसे करंट महसूस हुआ. इसके बाद वह अपने दोस्त को बताने के लिए गया. इसी बीच सौरभ पंडाल के पास पड़ा दिखाई दिया. अज्जू के मुताबिक, पहले उन्हें लगा कि शौर्य मजाक कर रहा है, लेकिन जब उसे उठाने की कोशिश की गई तो उन्हें भी करंट महसूस हुआ. इसके बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई.
मृतक के बड़े पिता डॉ. शिशिर चनपुरिया ने बताया कि सौरभ की उम्र 16 वर्ष थी और वह लिटिल वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था. उन्होंने बताया कि गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने के बाद सौरभ घर लौट रहा था. इसी दौरान उसे करंट लग गया. उसके साथ मौजूद बच्चों ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी करंट का झटका लगा. डॉ. चनपुरिया ने आरोप लगाया कि खुले स्थान पर करंट का प्रवाह होना गंभीर लापरवाही है. उनका कहना है कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि इस तरह लोगों की जिंदगी खतरे में डाली जा रही है.
वही पूरी घटना को लेकर धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी ने बताया कि जसूजा सिटी फेस-3 में गणेश जी की स्थापना की गई थी और वहां महाआरती का आयोजन था. रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि एक युवक को करंट लगने के बाद मेडिकल अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक खंभे में करंट आ रहा था और शौर्य ने घर जाते समय उस खंभे को छू लिया. समिति से जुड़े लोगों ने पुलिस को बताया है कि खंभे में पहले से करंट आने की जानकारी थी और टेंट लगाने वाले व्यक्ति को भी इसकी सूचना दी गई थी. हालांकि उनके द्वारा किस तरह की लापरवाही बरती गई है इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवा दिया है. पोस्टमार्टम के बाद मौत की परिस्थितियां और स्पष्ट होंगी. बहरहाल पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved