भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कैमरों की निगरानी में होगी एमपी बोर्ड की परीक्षाएं

  • नकल करने वालों की खैर नहीं
  • प्रदेश में 3 हजार 800 परीक्षा केंद्रों पर होगी एमपी बोर्ड परीक्षा, सभी परीक्षा केंद्रों की होगी वीडियोग्राफी
  • 10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 1 और 2 मार्च से शुरू होंगी, इनमें 20 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) मध्यप्रदेश की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं एक मार्च और 2 मार्च से शुरू हो रही हैं। यह परीक्षाएं प्रदेश के करीब 3 हजार 800 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। इसमें भोपाल जिले के 104 परीक्षा केंद्र भी शामिल हैं। दोनों परीक्षाओं में इस साल करीब 20 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो इसलिए संवेदनशील और अंति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर उडऩदस्ता टीमों के अलावा ऑब्जर्वर की भी नजर रहेगी।
ऑब्जर्वर टीम में रिटायर पुलिस अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। इसी के साथ गणित, अंग्रेजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री के पेपर में परीक्षा केंद्रों पर वीडियो ग्राफी भी कराई जाएगी। माशिमं ने परीक्षाओं में केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्षों और पर्यवेक्षक नियुक्त के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई है। प्रदेश भर में बनाए जाने वाले करीब अड़तीस सौ परीक्षा केंद्रों में केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षकों की नियुक्ति जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बनने वाली कमेटी करेगी। मंडल ने सभी कलेक्टरों को 10 फरवरी तक यह नियुक्तियां करने के आदेश जारी कर दिए हैं। बोर्ड द्वारा प्रति वर्ष हाईस्कूल, हायर सेकंडरी, हायर सेकंडरी व्यावसायिक विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा एवं शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण पत्रोपाधि की परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। इन परीक्षाओं में इस साल करीब 20 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।


जिलास्तर पर ऐसे गठित होगी सात सदस्यीय समिति
समिति के अध्यक्ष सभी जिला कलेक्टर होंगे। जबकि सदस्यों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त (जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण संस्था), प्राचार्य शास. उत्कृष्ट उमावि, संभागीय अधिकारी एमपी बोर्ड, जिले में निवासरत मंडल सदस्य शामिल रहेंगे। रेंडम पद्धति से चयनित केन्द्राध्यक्ष तथा सहायक केन्द्राध्यक्षों को नियुक्ति पत्र भी संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर से एवं आदिवासी उपयोजना क्षेत्र के लिए सहायक आयुक्त, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण के हस्ताक्षर से जारी किए जाएंगे।

केन्द्राध्यक्ष-सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों का चयन संबंधी मापदंड
मूल्यांकन अधिकारी और सहायक मूल्यांकन अधिकारी की नहीं होगी केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष के रूप में नियुक्ति। वर्ष 2022 की परीक्षा में सामूहिक नकल वाले परीक्षा केन्द्रों के तत्कालीन केन्द्राध्यक्ष को वर्ष 2023 की परीक्षाओं के लिए पुन: केन्द्राध्यक्ष का चयन नहीं किया जाए। प्राचार्य स्तर के अधिकारी नहीं होने की स्थिति में वरिष्ठ व्याख्याता या उच्च माध्यमिक शिक्षक को केन्द्राध्यक्ष बनाया जाए। परीक्षा के सुचारु रूप से संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में एक सहायक केन्द्राध्यक्ष उसी परीक्षा केन्द्र में कार्यरत व्यख्याता हो। पर्यवेक्षकों का चयन सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को प्राथमिकता से किया जावे। जिस केन्द्र में छात्राएं शामिल हो रही हैं, वहां महिला शिक्षकों का चयन अवश्य किया जाए।

Share:

Next Post

हिमालयी हवा से कांपा भोपाल... बढ़ी ठिठुरन

Sun Jan 15 , 2023
सुबह छाया रहा कोहरा भोपाल। हिमालय से आ रही बर्फीली हवा ने राजधानी भोपाल में दिन व रात का पारा गिरा दिया। तीन दिन की राहत के बाद मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं ने ठंड की एक और इनिंग शुरू कर दी है। राजधानी भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत प्रदेश के दूसरे शहरों में पारे में […]