
प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अनोखे विरोध प्रदर्शन ने खींचा। दोनों शीर्ष नेता अपने हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ी पहनकर पैदल मार्च में शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे समेत प्रदेश भर से आए कांग्रेस के विधायक और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस दफ्तर से शुरू हुआ यह पैदल मार्च जैसे ही व्यापमं चौराहे के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने भारी बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। विरोध जताते हुए उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और विधायक महेश परमार पुलिस के लगाए बैरिकेड्स पर ही चढ़ गए और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाने में नाकाम साबित हो रहा है और संवैधानिक मर्यादाओं का हनन हो रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग की। काफी देर तक चले हंगामे और नारेबाजी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और वापस लौट गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved