
उज्जैन। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की धार्मिक नगरी उज्जैन (Ujjain) में हाल ही में एक दुकान का उद्घाटन बेहद खास अंदाज में किया गया। इसके लिए वहां किसी नेता या बड़ी हस्ती को नहीं बुलाया गया, बल्कि एक रोबोट (Robot) को चीफ गेस्ट (Chief Guest) बनाकर बुलाया गया और उसी के हाथों इस शॉप का उद्घाटन भी करवाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में आए इस रोबोट के लिए दुकान में रेड कारपेट बिछाया गया था, और भारतीय संस्कृति के अनुरूप उसे तिलक लगाया गया और फिर गले में भगवा पटका पहनाकर उसका स्वागत किया गया। उसे देखने के लिए दुकान में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। इस मौके पर रोबोट ने बेहतरीन डांस मूव्स करके भी दिखाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो गया और लोगों द्वारा खूब पसंद भी किया जा रहा है।
सबसे खास बात यह है कि रोबोट ने शहर में जिस दुकान का उद्घाटन किया, वह किसी इलेक्ट्ऱॉनिक सामान या कम्प्यूटर की दुकान नहीं है, बल्कि वह तो एक सैंडविच शॉप है, जिसके मालिक को अपनी दुकान का उद्घाटन इस बेहद रोचक तरीके से करवाने का आइडिया आया। दुकान पर आने के बाद आयोजकों ने रोबोट के माथे तिलक लगाकर उसे फूलों की माला भी पहनाई। इसके बाद रोबो ने हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया।
बॉडीगार्ड्स के साथ कार्यक्रम में पहुंचा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस ह्युमनॉइड रोबोट की सुरक्षा के लिए साथ में गार्ड्स भी आए थे, जो पूरे समय उसका ख्याल रखते रहे। इस सैंडविच दुकान का उद्धाटन करने के बाद रोबोट ने वहां मौजूद लोगों से हाथ भी मिलाया और इसके अलावा उनके साथ हाथ मिलाते हुए सेल्फी भी खिंचवाई।
महाकाल के भक्ति गाने पर किया शानदार डांस
इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत इस रोबोट का डांस रहा, जो उसने दुकान का उद्घाटन करने के बाद किया। रोबो ने हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार रितिक रोशन की तरह जबरदस्त तरीके से डांस मूव्स दिखाते हुए लोगों का मनोरंजन किया। इस दौरान उसने वहां बज रहे महाकाल की भक्ति के गाने पर अपना डांस दिखाया। जिसमें स्थानीय लोगों ने भी उसके साथ झूमक डांस किया।
रोबो डांस की वजह से दुकान भी चर्चा में आ गई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह रोबोट चाइनीज कंपनी यूनिट्री का बताया जा रहा है, जिसे भारत में बिद्युत इनोवेशंस कंपनी लेकर आई है। उधर सैंडविच दुकान के मालिक का कहना है कि अपनी शॉप के उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए उन्होंने रोबोट को चीफ गेस्ट बनाया था। अच्छी बात यह रही कि उनका यह आइडिया भी सुपरहिट हो गया और इसी रोबोट की वजह से उनकी दुकान की चर्चा चारों तरफ हो रही है और रोबो का किया हुआ डांस भी वायरल हो गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved