भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

MP Weather : राजधानी में तापमान में बढ़ोत्तरी के बाद ठंड से मिली राहत, जानिए कहां बूंदाबांदी के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। हवाओं का रुख बदलने से वातावरण में नमी बढऩे लगी है। इससे बादल छाने लगे हैं। बादलों की मौजूदगी के कारण भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इससे ठंड से राहत मिल गई है। मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से शनिवार रात से उत्तर भारत के पहाडों में जबरदस्त बर्फबारी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे पर 17 नवंबर के बाद एक बार फिर हवा का रुख उत्तरी होगा। इससे राजधानी सहित पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पडऩे लगेगी।
वर्तमान में एक प्रति चक्रवात छत्तीसगढ़ और उसके आसपास बना हुआ है। पंजाब पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बना हुआ है। इससे हवाओं का रुख उत्तरी से बदलकर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हो गया है। इससे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे आसमान पर बादल छाने लगे हैं। बादलों की मौजूदगी के कारण रात का और पूर्वी हवा चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी तीन दिन तक बने रहने के आसार हैं। रविवार को भोपाल संभाग में बादल छा सकते हैं। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज बौछारें भी पडऩे के असार हैं।
हवा का रुख बदलते ही कड़ाके की ठंड पड़ेगी
 पश्चिमी विक्षोभ शनिवार को उत्तर भारत में दाखिल हो जाएगा। इसके साथ ही पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी शुरू होगी। बर्फबारी बारिश का सिलसिला दो दिन तक चलने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ जाएगा। इससे हवाओं का रुख फिर उत्तरी हो जाएगा। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं से प्रदेश में फिर ठिठुरन बढऩे लगेगी। इस दौरान कहीं-कहीं शीतलहर भी चल सकती है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
इस सप्ताह मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। 15 और 16 नवंबर को अनुमान है कि ग्वालियर, गुना, दतिया, भिंड, मुरैना समेत ग्वालियर संभाग में हल्की वर्षा होने की संभावना है। जबकि 17 से 19 नवंबर के बीच दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के भागों में कहीं-कहीं पर वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, कटनी और आसपास के कुछ इलाकों में वर्षा देखने को मिल सकती है। हवाओं का रुख इस सप्ताह मध्य प्रदेश के पूर्व से लेकर पश्चिम तक पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रहेगा जिसके कारण दिन और रात के तापमान अधिकांश जगहों पर बढ़ते हुए सामान्य से ऊपर पहुंच जाएंगे।(हि.स.)

 

Share:

Next Post

कैलाश सारंग का पार्थिव शरीर पहुंचा भोपाल, सीएम शिवराज ने दी श्रद्धांजलि

Sun Nov 15 , 2020
भोपाल ।  मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश नारायण सारंग का पार्थिव शरीर रविवार सुबह विमान से भोपाल पहुंचा। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिवंगत नेता स्वर्गीय कैलाश सारंग का पार्थिव शरीर को स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचने पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कैलाश सारंग के दोनों बेटों विवेक सारंग और विश्वास […]