
बालाघाट। बालाघाट (Balaghat) में शराब की लत और शराब दुकान के विरोध का एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। रिहायशी इलाके से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहे महिलाओं के आंदोलन के बीच एक महिला ने अपने ही शराबी पति को बिजली के खंभे से बांध दिया।
इतना ही नहीं, उसके मुंह पर टेप भी चिपका दिया ताकि वह धरना स्थल पर हंगामा न कर सके। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घटना जिले के बुढ़ी क्षेत्र की है। यहां आबादी के बीच संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं पिछले कई दिनों से लगातार धरना दे रही हैं। महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद क्षेत्र में शराबियों की आवाजाही बढ़ गई है। आए दिन नशे में धुत लोग सड़क पर विवाद करते हैं, महिलाओं और युवतियों से अभद्र व्यवहार करते हैं और परिवारों में घरेलू कलह बढ़ रही है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, इसलिए महिलाओं ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
नशे में पहुंचा, महिलाओं को धमकाने लगा
सोमवार को आंदोलन अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रहा था। तभी एक महिला का पति शराब के नशे में धरना स्थल पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पहले आंदोलन का विरोध किया, फिर महिलाओं से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते वह गाली-गलौज पर उतर आया और महिलाओं को धरना समाप्त करने की बात कहने लगा। उसकी हरकतों से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी शराब पीकर घर और मोहल्ले में विवाद करता रहा है। उसकी पत्नी लंबे समय से उसकी शराब की आदत से परेशान थी। जब उसने आंदोलन में भी व्यवधान डालना शुरू किया तो पत्नी का धैर्य जवाब दे गया।
पत्नी बोली- आज नहीं करने दूंगी हंगामा
महिला ने आसपास मौजूद महिलाओं की मदद से पति को पकड़ लिया। इसके बाद उसे बिजली के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया गया। पति लगातार बोलने और विरोध करने की कोशिश करता रहा तो उसके मुंह पर टेप भी चिपका दिया गया। कुछ देर तक वह उसी हालत में खंभे से बंधा रहा और आसपास मौजूद लोग यह दृश्य देखते रहे। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में बड़ी संख्या में महिलाएं धरना स्थल पर मौजूद दिखाई दे रही हैं, जबकि व्यक्ति खंभे से बंधा नजर आ रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खंभे से बंधे व्यक्ति को मुक्त कराया और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। पुलिस ने लोगों से घटना की जानकारी भी जुटाई। हालांकि, इस मामले में किसी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
महिलाएं बोलीं- आश्वासन नहीं, अब कार्रवाई चाहिए
धरने में शामिल मंजीता सोनवाने ने कहा कि महिलाएं कई दिनों से शराब दुकान हटाने की मांग कर रही हैं, लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में भी महिलाएं धरने पर बैठीं और अब बारिश शुरू होने के बाद भी आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, जब तक शराब दुकान को रिहायशी इलाके से हटाकर दूसरी जगह नहीं ले जाया जाएगा, तब तक महिलाएं पीछे नहीं हटेंगी। यह लड़ाई पूरे गांव के परिवारों और बच्चों के भविष्य के लिए लड़ी जा रही है।
शराब की लत बनी परिवारों की परेशानी
आंदोलन में शामिल महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान के कारण कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं। मजदूरी करने वाले लोग अपनी कमाई शराब में खर्च कर देते हैं, जिससे घरों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। घरेलू हिंसा और झगड़ों की घटनाएं भी बढ़ी हैं। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से शराब दुकान हटाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
वीडियो बना चर्चा का विषय
मंगलवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में इसकी चर्चा शुरू हो गई। एक ओर लोग पत्नी के इस कदम को शराब की लत से उपजी मजबूरी बता रहे हैं, तो दूसरी ओर सार्वजनिक स्थान पर पति को बांधने की घटना को लेकर भी बहस छिड़ गई है। फिलहाल प्रशासन की नजर अब आंदोलन और शराब दुकान को लेकर उठ रही मांगों पर भी टिकी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved