
छतरपुर। एमपी के छतरपुर (Chhatarpur, MP) के महाराजपुर थाना परिसर में एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घटना के बाद युवती के परिजनों ने टीआई की लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, युवती किसी मामले को लेकर महाराजपुर थाना गई थी। इसी दौरान उसने थाने के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आनन-फानन में पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का आरोप है कि युवती की समस्या पर टीआई ने ध्यान नहीं दिया। इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
युवती की मां ने बताया कि रोहित पुरोहित, सतीश पुरोहित और एक अन्य ने मारपीट की थी। जिसकी शिकायत की लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी बिका हुआ है। पुलिस वालों ने गाड़ी से रोड पर गिरा दिया। हमारे भाईयो के ऊपर चंदा वसूली की FIR दर्ज करा दी और हमारी शिकायत दर्ज नहीं की।
वहीं चिकित्सक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि पिंकी नायक नामक लड़की ने थाने में जहर खा लिया था। जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया है। फिलहाल युवती को 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए SDOP मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती को इलाज के लिए भर्ती कराया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved